चयनित 60 बच्चों को वितरित किये गये प्रमाण पत्र
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। ब्लॉक संसाधन केंद्र कायमगंज पर हमारा आंगन हमारे बच्चे कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख अनुराधा दुबे के कर कमलों द्वारा किया गया। सर्वप्रथम मां सरस्वती की माल्यार्पण कर पूजा अर्चना की गई। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी कायमगंज द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कार्यकत्रियों के उत्तरदायित्व एवं कार्यों को बताया तथा साथ ही आग्रह किया कि आप परिषदीय विद्यालयों के अध्यापकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर निपुण बच्चा बनाने में अपनी विशेष भूमिका निभायें। आज के कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय अताईपुर जदीद, प्राथमिक विद्यालय उलियापुर तथा संविलयन विद्यालय नीबलपुर के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में कायमगंज ब्लॉक की प्रत्येक न्याय पंचायत से पांच बच्चों को निपुण बच्चों के रूप में चयनित किया गया।
जिसमें 2 बच्चे बाल वाटिका, एक बच्चा का कक्षा 1, एक बच्चा कक्षा 2 तथा एक बच्चा कक्षा 3 से लिया गया। इस प्रकार विकास क्षेत्र कायमगंज में कुल 60 बच्चों को चयनित किया गया। सभी चयनित बच्चों को ब्लॉक प्रमुख के द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। ब्लॉक प्रमुख के द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं अध्यापकों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महती भूमिका निभाने का आग्रह किया। ओमप्रकाश पाल खंड शिक्षा अधिकारी कायमगंज के द्वारा अध्यापकों को बताया गया कि आप लोग बाल वाटिका स्तर पर बच्चों को निपुण बनाने में महती भूमिका निभाने में सहयोग प्रदान करें। जिससे कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जहां भी समस्या उत्पन्न हो रही है उसका निदान हो सके। कार्यक्रम में मुख्य रूप से टीम एआरपी, टीम संकुल शिक्षक, अश्विनी चतुर्वेदी, मुकेश कुमार, अनुराग पाठक, जितेंद्र सिंह, जय गोपाल, मोहित शुक्ला, अवधेश गुप्ता, रुचि गंगवार, असमीनाज, मालती देवी, ज्योति, श्याम आदि शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।
