मामा के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था
सूचना पर पहुंची जलालाबाद पुलिस ने शव का भरा पंचनामा
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। मामा के घर शादी समारोह में भाग लेने जा रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची जलालाबाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शाहजहांपुर भेजा।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बांसखेड़ा निवासी नेतराम पुत्र बालकराम उम्र 35 वर्ष की टॉपर तथा कड़हर पुलिस चौकी के निकट किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उस वक्त दर्दनाक मौत हो गई जब बाइक सवार अपने मां के घर एक शादी समारोह कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहा था। बताया गया है। मृतक की ननिहाल जनपद शाहजहांपुर के थाना जलालाबाद के गांव फरीदपुर में है। बताया गया है मामा गंगा सिंह निवासी फरीदपुर थाना जलालाबाद जनपद शहजानपुर के यहां एक शादी समारोह का कार्यक्रम था। जिसमें वह भाग लेने बाइक द्वारा ननिहाल जा रहा था। टॉपर तथा कड़हर के निकट रात्रि १० बजे के करीब बाइक सवार की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। उधर दुर्घटना की सूचना पर जलालाबाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच पड़ताल करते हुए पुलिस ने बाइक की नंबर प्लेट के जरिए मृतक के परिवार के लोगों को दुर्घटना की सूचना दी। उधर दुर्घटना में युवक की मौत की सूचना के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। जलालाबाद थाने के दरोगा राजकुमार ने परिजनों की तहरीर पर पंचनामे की कार्रवाई पूरी की तथा शव पोस्टमार्टम के लिए शाहजहांपुर भिजवा दिया। बताया गया है मृतक के एक पुत्र, चार पुत्रियां हैं। पत्नी ईश्वरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। जलालाबाद थाने के दरोगा राजकुमार का कहना था मृतक के परिजनों की ओर से दुर्घटना की तहरीर दी गई है। पंचनामे की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए शाहजहॉपुर भिजवा दिया गया। दरोगा का कहना था दुर्घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी
