भट्टा मजदूर की ट्रेन से कटकर मौत

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में ईंट भट्टे पर पथाई कर रहे मजदूर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। भट्टा मालिक के गुर्गों ने उसके शव को लापता कर दिया। मजदूर के बच्चे व पत्नी परेशान हैं। हालांकि आरपीएफ इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बिहार के नवादा के थाना नर्जीगंज ग्राम मधवन निवासी रामदेव (50) पत्नी धानू देवी, बच्चे जितेंद्र, धर्मेंद्र, गोलू, जीतू, सूरज, राखी, चांदनी, ताजो, मेंहदी के साथ रहकर एमआर भट्टा फतेहगढ चंदू बाबू के यहां ईंट पथाई करता था। रविवार सुबह पत्नी के साथ छठ पूजा के लिए बाजार से राशन खरीद कर करीब नौ बजे वापस आ रहा था। महरूपुर के पास पत्नी ने रेलवे क्रासिंग पार कर ली थी। रामदेव ट्रैक पार कर रहा था, इसी दौरान उसकी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। साथ के अन्य लोगों ने सूचना मुनीम अशोक, हुकुम, नीलेश को दी। मुनीम अशोक शव को उठा लाए। पत्नी ने बताया कि मुनीम ने कहा कि उसके पैसे देने पड़ जाएंगे। पत्नी व अन्य लोगों ने विरोध किया पर मुनीम जबरन साथियों के साथ शव लेकर चला गया। घटना की सूचना पर आरपीएफ दरोगा महिपाल सिंह, चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने घटना की जांच कर पत्नी से बातचीत की। मुनीम व भट्टा मालिक के नंबरों पर कॉल करते रहे पर कॉल रिसीव नहीं हुई। इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने बताया कि मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को देकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *