फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के लिए नामांकन प्रक्रिया आज 18 अप्रैल से शुरु हो जायेगी। जिसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर में बेरीकेडिंग सहित सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इसी क्रम में नाम निर्देशन हेतु अंतिम तिथि 25 अप्रैल निश्चित की गयी है, जबकि नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 26 अप्रैल को होगी। नामांकन पत्र वापस लेने की दिनांक 29 नियत की गयी है। मतदान करने की तिथि 13 मई तथा मतगणना 4 जून को होगी। नाम निर्देशन पत्र जमा करने का समय पूर्वाह्न 11 बजे अपराह्न 3 बजे तक (दिनांक २१ अप्रैल को लोक अवकाश होने के कारण नमांकन नहीं होगा। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त व जमा न्यायालय जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ में होंगे। जारी दिशा निर्देशों के क्रम में एक उम्मीदवार अधिकतम 4 नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकता है। नामांकन कक्ष के अंदर प्रत्याशी समेत पांच लोग अंदर जा सकेंगे। नामांकन के समय उम्मीदवार एवं उसके समर्थकों को आदर्श आचार संहिता का अक्षरश: अनुपालन करना होगा। नामांकन कक्ष की परिधि के 100 मीटर की दूरी के बाहर केवल 3 वाहन की अनुमति होगी। उक्त वाहनों की अनुमति पूर्व में लेनी होगी। प्रत्येक वाहन में 5 व्यक्ति अनुमन्य होंगे। नामांकन पत्र के साथ जमानत की धनराशि सामान्य अभ्यर्थी के लिए रपया-25000/- तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी के लिए रुपया 12500/- निर्धारित हैं। निर्वाचन व्यय की अधिकतम सीमा 95 लाख रुपये मात्र है।
नामांकन आज से, बेरीकेडिंग सहित सभी तैयारियां पूरी
