शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर सैदबाड़ा निवासी जय शरण गंगवार का खेत गांव से कुछ दूरी पर स्थित तालाब के पास है। जिसमें गेहूं की फसल तैयार की गई है। वर्तमान में पककर तैयार है। तमाम किसानों द्वारा कटाई मड़ाई का दौर जारी है।
बताते है जयशरण के खेत में खड़ी फसल को काटने की तैयारी हो रही थी। बुधवार शाम 4.00 बजे के करीब तेज हवाओं के चलते हाईटेंशन लाइन के तार टकरा गए। जिससे अचानक निकली चिंगारी गेहूं के खेत में गिर गई। देखते ही देखते फसल धू-धू कर जलने लगी। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण किसानों ने जब देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दहशत के साए में किसानों ने सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना के बाद ग्रामीणों का हुजूम मौके पर पहुंचा और लाठी-डंडों तथा गन्ने की फसल तोडक़र आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने नलकूप चलाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं के चलते सभी प्रयास नाकाफी रहे और आग बुझने का नाम नहीं ले रही थी। ग्रामीणों ने मशक्कत कर जैसे तैसे आग पर काबू पाया। बताते हैं ग्रामीण जयशरण सिंह के खेत में खड़ी तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं ग्राम रजलामई निवासी प्रमोद गंगवार की भी लगभग 5 बीघा गेहूं की फसल जल गई। इसके साथ ही पास में एक अन्य किसान अनूप गंगवार के खेत में भी चार बीघा कटी पड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आगजनी की घटना के बाद मायूस किसान प्रकृति के निर्णय पर अफसोस जताकर खुद को कोस रहे थे। उधर ग्राम प्रधान संजीव कुमार ने बताया आगजनी की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक किसी के आने की सूचना नहीं मिली थी।
हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने तीन किसानों की गेहूं की फसलें जलीं
