यूपी के देवरिया कलेक्ट्रेट में बुधवार को जिलाधिकारी और अधिवक्ताओं के बीच खूब बवाल हुआ। अधिवक्ता एक वकील की निजी जमीन में बनी सड़क के मामले को लेकर डीएम से बात करने गए थे। अधिवक्ताओं के मुताबिक इस दौरान डीएम अखंड प्रताप सिंह ने वकीलों के साथ दुर्व्यवहार किया और चैंबर से बाहर जाने की बात कही। इसको लेकर अधिवक्ता उग्र हो गए और जमकर बवाल काटा। बाद में अधिवक्ताओं की बैठक जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सिंहासन गिरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें वकीलों ने डीएम का तबादला न होने तक न्यायिक कार्य के बहिष्कार का फैसला लिया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सिंहासन गिरी के मुताबिक बरहज तहसील के पूरैना शुक्ल गांव निवासी अधिवक्ता जय शिव शुक्ल के खेत में सड़क बनी है। बताया जाता है कि सड़क का काफी हिस्सा अधिवक्ता की निजी जमीन में बन गई है। बुधवार को इसी मामले को लेकर कुछ वकील एसोसिएशन के अध्यक्ष सिंहासन गिरी के साथ जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह से बात करने गए थे। अधिवक्ताओं ने डीएम से सड़क की पैमाइश कराकर वकील की निजी जमीन में बनी सड़क हटाने की बात कही। इसी बात पर डीएम नाराज हो गए और कहा कि अब तो सड़क बन गई है, आप लोग यहां से जाइए। गिरी ने यह भी कहा कि अधिवक्ताओं के लिए बनाए गए चेंबर में भी डीएम अतिक्रमण करा रहे हैं। डीएम के जरिए किए गए दुर्व्यवहार को लेकर नोक-झोंक शुरू हो गई। पुलिस वालों ने बीच बचाव करके कलेक्टर साहब को वहाँ से निकाला। वहीं कलेक्ट्र्ट के अन्य अफ़सरों और कर्मचारियों ने भी अपने ऑफिस में तालाबंदी कर दी है…पूरे कैम्पस को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
देवरिया के डीएम को वकीलों ने थप्पड़ाया-चर्चा
