डीएम ने अनाधिकृत से चल रहे स्कूलों व कोचिंग सेंटरों पर कार्यवाही के दिये निर्देश

ब्लॉक में शिक्षा की गुणवत्ता खराब पाये जाने पर बीईओ पर होगी कार्यवाही
विद्यालयों में ओआरएस का घोल उपलब्ध कराने के सीएमओ को निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग के संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभाग के 19 पैरामीटर पर समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्र के जिन विद्यालयों में शौचालय नहीं है, बीएसए उनका प्रस्ताव उपलब्ध कराये। अपर जिलाधिकारी परीक्षण कर शासनादेश के अनुसार कायाकल्प कार्यक्रम में नगर पालिका द्वारा उक्त निर्माण कार्य करायें।
डीएम ने निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्र में जिन विद्यालयो में फर्श व बाउंड्रीवाल नहीं है उन क्षेत्रों के खंड विकास अधिकारी उन स्कूलों में बॉउंड्रीबाल व टाइल लगवाना सुनिश्चित करें। टाइल अच्छी क्वालिटी के व डबल चार्ज ही लगाये जाने के निर्देश दिये। बिना मान्यता के अनाधिकृत रूप से चल रहे विद्यालयों व स्कूल टाइम में चल रहे कोचिंग सेंटरों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। स्कूलों में साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था करने के निर्देश दिये। सभी खंड शिक्षाधिकारी प्रतिमाह 50-50 विद्यालयों का निरीक्षण कर उनकी सभी व्यवस्थायों को सही कराएंगे। डीएम ने निर्देशित किया कि सभी स्कूलों में शुरुआत के 30 मिनिट सामान्य ज्ञान की जानकारी बच्चों को दी जाये व जिस ब्लॉक में शिक्षा की गुणवत्ता खराब पाई जायेगी वहां के खंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि मिड-डे-मील का सभी सामान विद्यालयों में एक दिन पहले ही उपलब्ध करा दिया जाये, कोई भी समान खुला न खरीदा जाये। मिड-डे-मील की क्वालिटी में सुधार लाया जाये। सभी स्कूलों में बच्चों को नापकर दूध उपलब्ध कराया जाये जो भी अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण पर जाये वह स्कूलों का भ्रमण अवश्य करें। डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि जिन दिव्यांग बच्चों के विकलांगता प्रमाण पत्र बनने है, उनके लिये ब्लॉकवार टीमों का गठन कर ड्यूटी लगाकर बी0एस0ए0 को अवगत कराएंगे व सभी विद्यालयों में ओआरएस का घोल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। डीएम ने निर्देशित किया कि सभी स्कूलों में पौधरोपण कराया जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *