बड़ी संख्या में हिन्दू समुदाय के लोगों ने की शिरकत
गंगा-जमुनी तहजीब के लिए मशहूर है पांचाल नगरी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पांचवीं मोहर्रम का ताजिया रामलीला परिषद फतेहगढ़ ने निकालकर गंगा-जमुनी तहजीब की नजीर पेश की। फतेहगढ़ में दरगाह सत्तारशाह की मजार से शुरु हुआ पांचवां मुहर्रम के ताजिया जुलूस में मुस्लिम समुदाय के अलावा बड़ी संख्या में रामलीला परिषद के हिन्दू पदाधिकारी शामिल हुए। शहर के विभिन्न मार्गों से रवायती अंदाज में बैंडबाजों की मातमी धुनों के बीच निकले ताजिए के जुलूस का दरगाह सत्तार शाह की मजार पर समापन हुआ। अब तो कोई मजहब भी एैसा चलाया जाये, जिसमें इंसान को इंसान बनाया जाये, मेरी आहों का असर मुझ पे पड़े कुछ एैसा, मैं जो भूख रहूं, तुझसे भी न खाया जाये….गोपाल दास नीरज की यह पंक्तियां इस पांचाल नगर में शुक्रवार को हिन्दू समुदाय में मोहर्रम की पांचवीं का ताजिया उठाकर सार्थक की। यहां की गंगा जमुनी तहजीब पूरे मुल्क के लिए मिसाल है। एक दूसरे क धर्मों का सम्मान यहां की परम्परा बन गयी है। फतेहगढ़ रामलीला परिषद जहां पांचवीं का ताजिया उठती है, वहीं मोहर्रम कमेटी श्रीराम बारात में झांकी निकालकर भगवान श्रीराम की आरती उतारी है। आपसी सौहर्द और कौमी एकता की यह एक बेहतरीन मिसाल है। यहा मोहर्रम कमेटी में हिन्दू तो रामलीला परिषद में अनेक मुस्लिम पदाधिकारी हैं। मोहर्रम की पांचवीं के ताजिया जुलूस में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रवीश द्विवेदी, पंकज अग्रवाल, अतुल मिश्रा, राजीव बाजपेयी, चमन टण्डन, निशीत सक्सेना, मिर्जा हसन, हाजी अल्लाहदीन, हाजी कलाम आजाद सिद्दीकी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
रामलीला परिषद के पदाधिकारियों ने उठाया पांचवीं मुहर्रम का ताजिया
