एडीएम ने ट्रैक्टर से आधा दर्जन बाढ़ प्रभावित गांव का किया निरीक्षण
बाढ़ राहत सामग्री बंटवाने के दिए आदेश, चित्रकूट डिप पर पहुंचा पानी
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। मंगलवार की सुबह को नरौरा बांध से गंगा में 115023 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वही गंगा के जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। गंगा का जलस्तर अब 136.75 मीटर है। जो कि चेतावनी बिंदु से 15 सेमी ऊपर पहुंच गया है तथा रामगंगा में खो बैराज से 2760, हरेली बांध से 249, रामनगर बांध से 1744 टोटल 4753 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिससे रामगंगा का जलस्तर 135.25 मी पहुंच गया है। गंगा का जलस्तर बढऩे से गंगापार क्षेत्र के गावों में असर देखने को मिला है। दर्जनों गांव में बाढ़ का पानी आ जाने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
बदायूं स्टेट हाईवे पर चित्रकूट में डिप पर बाढ़ का पानी आ जाने से चिंताएं बढ़ गई हंै। बीते वर्ष डिप पार करते समय मामा भांजे बाढ़ के पानी में बह गए थे। इसके साथ ही दो युवकों की डूबने से मौत हो गई थी। अगर बाढ़ का पानी डिप पर बढ़ता है तो आवागमन भी प्रभावित हो सकता है। अपर जिला अधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति ने राजेपुर ब्लॉक के कंचनपुर, सबलपुर, रामपुर जोगराजपुर, उदयपुर की मड़ैया गांव का निरीक्षण किया। जोगराजपुर गांव में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। जिसके कारण जोगेंद्र पुत्र झब्बू की बाढ़ के पानी से झोपड़ी गिर गई। जिसको देख अपर जिला अधिकारी ने तत्काल राहत सामग्री व देवी आपदा का लाभ देने के लिए तहसीलदार को निर्देश दिए। बाढ़ का पानी अधिक होने पर ग्रामीणों को बाढ़ शरणालयों में जरूरत पडऩे पर शिफ्ट करने के आदेश दिए। तत्काल प्रभाव से क्षेत्र में बाढ़ राहत सामग्री बंटवाने के भी उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए है। बाढ़ प्रभावित गांवों में नाव लगी रहें, यह सुनिश्चित भी करने के आदेश दिए गए। एडीएम ने जब ग्रामीणों से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि गांव में अभी तक मेडिकल टीम नहीं आई है गांव के अंदर पानी घुसा हुआ है। जिससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।
लेखपाल पर गिर सकती है निलंबन की गाज
अमृतपुर। अपर जिलाधिकारी के निरीक्षण में ग्राम रामपुर जोगराजपुर में तैनात लेखपाल राशिद अली अनुपस्थित मिला। कई ग्रामीणों ने बताया की बाढ़ क्षेत्र में लेखपाल नहीं आ रहा है। जिस पर अपर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। तहसील के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार निलंबन तक की कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
