क0बा0इं0 कालेज में पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से फाइलेरिया के प्रति किया गया जागरुक

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। फाइलेरिया बीमारी के प्रति जागरुक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। विद्यालयों में प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। फाइलेरिया यानी हाथी पांव बीमारी है। आम जनमानस को जागरुक करने के लिए इसकी दवाई बांटी जा रही है। इसे खाना बहुत अनिवार्य है। इससे निपटने के लिए जिलाधिकारी ने सभी को फाइलेरिया दवाई खाने का निर्देश दिया है। मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों को फाइलेरिया यानि हांथी पांव के बारे में जागरूक करने का प्रयास किया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अवनींद्र कुमार ने कहा कि फाइलेरिया का दंश कितना दर्दनाक होता है यह कोई फाइलेरिया रोगी ही बता सकते है। 27 जनपदों में 10 अगस्त से 28 अगस्त के बीच फाइलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आरसी माथुर ने कहा कि हाईड्रोसील हो जाना, हाथी पांव हो जाना, महिलाओं के स्तन में सूजन आ जाना यह सब फाईलेरिया रोग के लक्षण है। फाइलेरिया रोग मच्छरों द्वारा फैलता है। जिला मलेरिया अधिकारी नौसाद अली ने बताया कि फाइलेरिया रोग प्रबंधन के लिए 2 वर्ष से ऊपर तथा 5 वर्ष से छोटे बच्चों को डीईसी की 1 टैबलेट और एल्वेंडाजोल की 1 टैबलेट दी जाएगी एवं 5 वर्ष से ऊपर और 15 वर्ष से छोटे बच्चों को डीईसी की 2 टैबलेट व एल्वेंडाजोल की 1 टैबलेट तथा 15 वर्ष से ऊपर सभी व्यक्तियो को डीईसी की 3 टेबलेट व एल्वेंडाजोल की 1 टैबलेट दी जायेगी। पीसीआई से शादाब आलम ने कहा कि यह अभियान वर्ष में एक बार चलाया जाता है, इसलिए सभी लक्षित वर्ग को इसका सेवन जरूर करना चाहिए। विद्यालय में फाइलेरिया के प्रति जागरुक करते हुए प्रधानाचार्या सुमन त्रिपाठी की देखरेख में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। छात्राओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। इस मौके पर अनुपम मिश्रा, प्रधानाचार्य सुमन त्रिपाठी, समीक्षा अग्निहोत्री, दर्शना आर्या, सुनीता पाण्डेय, पूनम शुक्ला, राधा दीक्षित, अर्चना कपूर, स्मृति दुबे आदि शिक्षिकायें मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *