मिट्टी की ढाय गिरने से 4 महिलाओं की मौत:5 लोग घायल, दो की हालत गंभीर; अलीगढ़ किया रेफर कासगंज में मिट्टी की ढाय गिरने से एक बच्ची समेत 4 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर है। जिन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
कासगंज जिले कस्बा मोहनपुरा में मिट्टी की ढाय में दबकर 4 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि दो दर्जन से अधिक महिलाओं और बच्चों की मिट्टी के अंदर दबे होने की आशंका है। बचाव कार्य यहां पर जारी है। मोहनपुरा में गांव रामपुर और कातौर गांव के बीच मंगलवार सुबह को हुआ। बताया गया है कि महिलाएं और बच्चे मिट्टी लेने के लिए गए थे। उसी समय मिट्टी का ढाय अचानक गिर गई। मिट्टी के नीचे करीब 20 महिलाएं और बच्चे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।बताया गया है कि मिट्टी का ढाय अधिक खोखली थी। जब महिलाएं और बच्चियां मिट्टी खोद रहे थे, तभी ये उनके ऊपर गिर गई। अधिक गहराई के कारण मिट्टी में सभी काफी नीचे दब गए। बचाव के लिए आई टीम ने जेसीबी की मदद से मिट्टी को हटाने का काम किया। एक-एक कर सभी महिलाओं और बच्चियों को बाहर निकाल गया। उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां चिकित्सक ने एक बच्ची समेत चार महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
इनकी हुई मौत
1- रामबेटी (32) पत्नी दान पाल निवासी रामपुर
2- प्रेम देवी (35) पत्नी गंगा प्रसाद निवासी रामपुर
3- सरस्वती (33) पत्नी रघुवीर निवासी रामपुर
4- पिंकी (12) पुत्री मानपाल निवासी रामपुर
जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मेधा रूपम, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, विधायक हरिओम वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी मौके पर पहुंच गए हैं। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। फिलहाल, बचाव कार्य जारी है।
