मुस्लिम स्टाफ पर धर्म भ्रष्ट करने का आरोप
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ के गंगानगर स्थित एक कॉम्प्लेक्स स्थित रोमियो लेन रेस्टोरेंट में शुक्रवार शाम एक ज्योतिष परिवार ने खाने में विलायती वेज मंगाया था। हालांकि वेटर ने उन्हें रोस्ट चिकन परोस दिया। ज्योतिषी परिवार ने दूसरे संप्रदाय के स्टाफ पर जानबूझकर धर्म भ्रष्ट करने का आरोप लगा हंगामा किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में स्टाफ गलती से दूसरे का ऑर्डर परोसे जाने की बात स्वीकार कर रहा है।
गंगानगर क्षेत्र के रहने वाले एक ज्योतिष अपनी पत्नी, बेटा और बेटी के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। ज्योतिष परिवार ने खाने के लिए विलायती वेज ऑर्डर किया था। कुछ देर बाद वेटर रोस्ट चिकन लेकर आया और खाने के लिए परोस दिया। खाना खाने आए परिवार को स्वाद कुछ अजीब लगने पर परिवार ने वेटर को बुलाकर पूछा, तब पता चला ये रोस्ट चिकन है तो परिवार ने हंगामा शुरू कर दिया।
वेटर ने माफी मांगी, मामला हुआ शांत
रेस्टोरेंट स्टाफ ने अपनी गलती स्वीकार की और बताया कि किसी अन्य टेबल का ऑर्डर गलती से इस परिवार को दे दिया गया था।इसके बाद वेटर और अन्य स्टाफ ने परिवार के सदस्यों से माफी मांगी। हालांकि, परिवार के लोग काफी नाराज थे और उन्होंने इस गलती को लेकर हंगामा किया।
हिंदू संगठनों ने किया विरोध
वीडियो के वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने भी इस मामले पर विरोध जताया। एक संगठन से जुड़े सचिन सिरोही ने रेस्टोरेंट में पहुंचकर बवाल किया और कहा कि इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं, जो कि गंभीर मामला है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए।
