डीएम व एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के लिए हालचाल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। तेंदुए के हमले से दो छात्र, तीन वन विभाग कर्मी सहित १५ लोग घायल हो गये। जिन्हें उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। तेंदुआ आने की खबर मिलते ही आसपास गांव में दहशत फैल गयी। लोगों ने अपने-अपने बच्चों को घरों में कैद कर लिया। सूचना पर एडीएम व एसपी भी घटनास्थल पर पहुंच गये। कानपुर से बुलायी गयी वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को रेस्क्यू किया। तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा के ग्राम नूरपुर जसमई में सुबह लगभग 8 बजे तेंदुए को देखा। जिससे लोगों में दहशत व्याप्त हो गयी। इस दौरान खेतों में काम कर रहे रहे करीब दस लोगों को तेंदुए ने हमला बोलकर घायल कर दिया। वहीं स्कूल जा रहे दो छात्रों पर हमला बोल दिया। जिससे वह घायल हो गये। गंभीर रूप से घायल ग्रामीणों को लोहिया अस्पताल भेजा गया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय सिंह, एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति मौके पर पहुंचे। उनके सामने ही तेंदुआ ने कई ग्रामीणों पर हमला बोल दिया। जिससे दोबारा कई ग्रामीण घायल हो गए। डीएम के निर्देश पर आसपास के विद्यालय को बंद कराया गया है। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, अपर पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, एडीएम सुभाष प्रजापति भी मौके पर पहुंच गये। कानपुर से वन विभाग की डॉट टीम बुलाई गई। ड्रोन कैमरे से भी तेंदुए की निगरानी की गयी।
कानपुर वन विभाग की टीम ने आठ घंटे बाद किया रेस्क्यू
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद आखिर तेंदुए को बेहोश करके पकड़ लिया। उसको वन विभाग की टीम नें पिजड़े में बंद कर लिया। घायल तेंदुए को भी उपचार के लिए कानपुर ले जाया गया। कानपुर से आयी टीम में वन विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक मो0 नासिर व उनके सहयोगी वन दरोगा समीर सिंह सेंगर ने पहले जेसीबी पर बैठकर तेंदुए को बेहोश किया। उसके बाद उसे जाल में बंद कर पिंजड़ेे में बंद कर दिया। मौके पर तेंदुए को देखने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ एकत्रित हो गयी। जिला वन अधिकारी प्रत्यूष कटियार ने बताया कि घायल तेंदुए को उपचार हेतु कानपुर भेजा गया गया। वहीं रेस्क्यू के दौरान तीन वन विभाग के कर्मचारी भी घायल हुए हैं।
ग्रामीणों की फसलें हुईं बरबाद
तेंदुए आने की भनक लगने पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। इस दौरान खेतों में खड़ी आलू, गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा। फसलों को ग्रामीणों व वन विभाग की टीम व अधिकारियों ने पैरों तले कुचल दिया। जिससे उनकी फसलें बरबाद हो गयीं। फिलहाल तेंदुए पकडऩे के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
अधिकारियों ने लोहिया पहुंचकर घायलों के लिए हालचाल
तेंदुए के हमले में खेतों में काम कर रहे करीब दस ग्रामीण घायल हो गये। जिन्हें आनन-फानन में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं तीन वन विभाग के कर्मचारी भी घायल हुए हैं। घायलों के हालचाल लेने जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह व पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने पहुंचकर हालचाल लिये तथा चिकित्सकों से बेहतर उपचार करने के निर्देश दिये।
