संतों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, पुलिस ने पहुंचक की जांच
परिजनों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का लगाया आरोप
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ऐतिहासिक प्राचीन मंदिर रामताल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा का शव फांसी पर लटका मिला। जब संत नहाने निकले, तो युवती का शव लटका देख घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजन हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गयी है।

जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव काक्योली में बने ऐतिहासिक प्राचीन रामताल मंदिर परिसर के प्रांगण में मुख्य गेट से दूसरे गेट के पास खड़े कंचन के पेड़ पर लगभग 16 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका संतों ने देखा। संतों का कहना है कि वह जैसे ही स्नान करने के लिए निकले, वैसे ही उन्हें युवती का शव पेड़ पर लटका दिखा। जिस पर संतों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष विद्यासागर तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना पाकर बबना चौकी इंचार्ज योगेश श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और भारी संख्या में चारों तरफ से ग्रामीणों की हजारों की संख्या में भीड़ मौके पर पहुंची। तब तक ग्राम सलेमपुर निवासी अवधेश कुमार राजपूत भी मौके पर पहुंचे गये। उन्होंने युवती के शव की शिनाख्त अपनी पुत्री रोशनी के रुप में की। जैसे ही सूचना अन्य परिजनों को हुई, तो सभी दहाड़े मारकर रोने बिलखने लगे। थाना अध्यक्ष विद्यासागर तिवारी ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। सूचना पाकर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल कर शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं युवती के परिजन युवती की हत्या किये जाने की आशंका जता रहे थे। थाना पुलिस ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है और मामले की जानकारी के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं सूत्रों की मानें, तो एक युवक को पकडक़र परिजनों द्वारा पुलिस को सौंप दिया, लेकिन इस संदर्भ में पुलिस व परिजनों की ओर से पुष्टि नहीं की गयी है।
