उत्तर प्रदेश के झांसी में नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने सड़क किनारे लगी सब्जी की दुकानों को बुलडोजर से रौंद डाला. दुकानदार चीखते-चिल्लाते रहे, मोहलत मांगते रहे लेकिन नगर निगम का बुलडोजर नहीं रुका. करीब दर्जन भर अवैध दुकानों पर बुलडोजर चलाने के दौरान उनमें रखी सब्जियां सड़क पर बिखेर दी गईं. नगर निगम की कार्यशैली से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की. करीब एक घंटे बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गुस्साए लोगों को किसी प्रकार समझाया और जाम खुलाया. वहीं, नगर आयुक्त ने इस प्रकार की घटना को निंदनीय बताते हुए अतिक्रमण प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा है.

साथ ही विभागीय कार्यवाही करने की बात कही है. वहीं नगर निगम नगर आयुक्त सत्यप्रकाश ने मामले की निंदा करते हुए अतिक्रमण प्रभारी से जवाब तलब किया है. इसके साथ ही विभागीय कार्रवाई के लिए भी शासन को पत्र भेजने की बात कही है. झांसी के सीपरी बाजार रेलवे पुल के पास कई दुकानदार सड़क किनारे सब्जी की दुकाने लगाए हुए थे. तभी बिना किसी अल्टीमेटम के नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता बुलडोजर के साथ पहुंच गया और सब्जियों पर बुलडोजर चढ़ा दिया.
पूंजी पतियों भ्रष्टाचारियों की शब्जी दुकानों में चला योगी जी का बुलडोजर, सीपरी पुल के पास नगर निगम की निगरानी में हुई बड़ी कार्यवाही। pic.twitter.com/o0GBiZ3wit
— Abhimanyu Singh Journalist (@Abhimanyu1305) December 27, 2024
दुकानदार महिलाओं ने जताया विरोध
इससे वहां अफरातफरी मच गई और इतना ही नहीं बुलडोजर ड्राइवर ने एक बार नहीं बार बार बुलडोजर आगे पीछे कर सब्जियों को नष्ट किया. इससे गुस्साईं दुकानदार महिलाओं ने सड़क को जाम कर विरोध जताया. इस दौरान दुकानदारों की कुछ लोगों से झड़प भी हुई.
अतिक्रमण अधिकारी ने जो कृत्य किया है वो निंदनीय- नगर आयुक्त
नगर निगम के अतिक्रमण दस्ता द्वारा की गई इस पूरी कार्रवाई को लेकर नगर आयुक्त सत्य प्रकाश ने कहा ये वीडियो संज्ञान में आया है. अतिक्रमण अधिकारी ने जो कृत्य किया है वो निंदनीय है.
नगर आयुक्त ने अतिक्रमण अधिकारी को किया निलंबित
उन्होंने कहा कि इस संबंध में अतिक्रमण अधिकारी बृजेश वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही विभागीय कार्रवाई के लिए आदेशित किया है. जो सब्जी विक्रेताओं का नुकसान हुआ है उसका आकलन कर आर्थिक मदद नगर निगम द्वारा की गई है.
