सैनिक की गर्दन पर चाकू से जानलेवा हमला, पुलिस ने नहीं की कोई कार्यवाही

स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त, करेंगे एसपी का घेराव
कोतवाली से मुंशी ने किया चलता, बोला देखेंगे कल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सैनिक की गर्दन पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में 24 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने किसी प्रकार की अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की है। जिसके चलते सैनिक के परिजनों व स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। भयभीत परिजनों ने बताया कि हम सब लोग बुधवार को पुलिस अधीक्षक का घेराव कर कार्यवाही की मांग करेंगे।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फहेगढ़ के भोलेपुर दुर्गा कॉलोनी निवासी सैनिक अजय पाल पुत्र सोवरन सिंह पाल सोमवार की देर शाम 7:00 बजे भोलेपुर मार्केट में सब्जी लेने गये थे। इस दौरान उनके विभागीय अधिकारी का फोन आ गया। बात करने के लिए भोलेपुर स्थित ओवरब्रिज के पास खड़े होकर बात करने लगे, तभी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे पीछे की तरफ गर्दन से खून बहने लगा। वह कुछ समझ पाते, तब तक हमलावर भाग गया था। जानकारी होने पर सैनिक को स्थानीय लोग व परिजन अस्पताल ले गये। जहां गर्दन में चार टांके आने की बात परिजनों ने बतायी। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए फौजी ने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात हमलावर के विरुद्ध लिखित तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की मांग की। पीडि़त के अनुसार फतेहगढ़ कोतवाली में मौजूद पुलिस कर्मी ने यह कहकर चलता कर दिया कि इस समय चौकी और थाने पर कोई दरोगा नहीं है, अभी जाओ कल सुबह इसकी जांच करायेंगे और आसपास के सीसीटीवी कैमरे दिखाये जायेंगे। 24 घंटे से अधिक का समय हो गया, लेकिन किसी प्रकार की कोई जांच पड़ताल व कार्यवाही न होने से सैनिक के परिजन व स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक सैनिक के साथ जिस तरह इतने भीड़भाड़ वाले इलाके में हमला हुआ और पुलिस ने अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की तो आम आदमी के साथ पुलिस कैसा व्यवहार करेगी। हम सभी लोग पुलिस अधीक्षक का घेराव कर सैनिक की जानमाल की सुरक्षा और कार्यवाही की मांग करेंगे। बताते चले कि भोलेपुर ओवरब्रिज पर देर शाम होते ही मनचलों के जगह-जगह झुंड देखे जा सकते है और कर्नलगंज चौकी भी दस कदम की दूरी पर है उसके बावजूद अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *