गुरुवार सुबह फतेहपुर में एक सड़क हादसा हो गया. हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गएं हैं. घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के लोधीगंज नेशनल हाइवे की है. जानकारी के मुताबिक प्रयागराज महाकुंभ से लौट रही एक कार का टायर अचानक फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई. इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही दो कारें उससे टकरा गईं. हादसा इतना भयानक था कि तीनों कारों के परखच्चे उड़ गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा जहां से तीन लोगों को गंभीर हालत में कानपुर हैलेट रेफर किया गया है.
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हृदय विदारक घटना में महाकुंभ से वापस लौट रहे कार सवार 3 महिला समेत 6 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में पहुंचाया। जहां से 3 लोगों की हालात को नाजुक देखते हुए डॉक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया है। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर स्थित लोधीगंज बड़े पुल के पास हुई। जानकारी के अनुसार, प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर घर वापस लौट रही एक कार सुबह करीब साढ़े 10 बजे जैसे ही कोतवाली क्षेत्र के लोधीगंज बड़े पुल के पास पहुंची, तभी अचानक कार के बाएं तरफ का अगला टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर क्रॉस कर दूसरी लेन में चली गई। उधर, कानपुर की तरफ से आ रही एक के बाद एक 2 कारें इस दुर्घटना ग्रस्त कार में जा भिड़ीं। हादसा इतना भीषण था कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसा देख आसपास से गुजर रहे राहगीरों और ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए, जिनमें से तीन को गंभीर चोटें आईं और उन्हें कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है:
- मधु देवी (निवासी: निहाल विहार, दिल्ली) – पैर में फ्रैक्चर, कानपुर रेफर
- मायावती (उम्र: 80 वर्ष) – नाक में फ्रैक्चर, कानपुर रेफर
- योगेंद्र (उम्र: 35 वर्ष, कार ड्राइवर) – पैर में फ्रैक्चर, कानपुर रेफर
- नीरू कश्यप (उम्र: 39 वर्ष) – बाईं आंख के ऊपर चोट व सूजन, जिला अस्पताल में इलाज जारी
- विक्की सांखला (उम्र: 38 वर्ष) – जिला अस्पताल में इलाज जारी
- कोमल सांखला (उम्र: 22 वर्ष) – जिला अस्पताल में इलाज जारी
