उत्तर प्रदेश सरकार ने 1845 से अधिक माध्यमिक शिक्षकों और कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ देने का फैसला किया है. यह लाभ उन शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलेगा, जिनकी भर्ती के लिए विज्ञापन 1 अप्रैल 2005 से पहले जारी हुआ था, लेकिन उनकी नियुक्ति उसके बाद हुई थी.
पुरानी पेंशन बहाली का फैसला
केंद्र सरकार की घोषणा के बाद यूपी सरकार ने यह निर्णय लिया था कि जिन पदों के लिए विज्ञापन 1 अप्रैल 2005 से पहले जारी किया गया था, लेकिन नियुक्ति बाद में हुई, उन शिक्षकों-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दी जाएगी. इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी योग्य शिक्षकों-कर्मचारियों से आवेदन मंगवाए और एक समिति का गठन किया.
समिति की रिपोर्ट के बाद राहत भरा फैसला
समिति की रिपोर्ट के आधार पर 1845 से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने का निर्णय लिया गया. अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) सुरेंद्र कुमार तिवारी ने जिलावार सूची जारी कर दी है, जिसमें शिक्षकों की विज्ञापन तिथि और ज्वाइनिंग तिथि दर्ज है. वहीं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) के प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी ने कहा कि संगठन कई साल से इसकी लड़ाई लड़ रहा था। पुरानी पेंशन पाने वाले सभी शिक्षकों-कर्मचारियों को इसके लिए बधाई। उन्होंने बताया कि कुछ शिक्षक-कर्मचारियों के आवेदन पर आपत्ति है, जल्द ही इसका निस्तारण कर उनका भी आदेश जारी किया जाए।
