भाकियू भानू गुट ने खोला थानाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा

फर्रुखाबाद/अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना राजेपुर पुलिस पर भ्रष्टाचार और तानाशाही का आरोप लगा भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। मंगलवार को संगठन के कार्यकर्ताओं पर झूठा मुकदमा लिखने से अक्रोशित भाकियू नेताओं ने थाना राजेपुर में पहुंचकर थाने का घेराव किया। इसके बाद नेता थाने में दरी बिछाकर वहीं धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। किसान नेताओं का कहना है कि राजेपुर पुलिस भ्रष्टाचार में लिप्त है। पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र के किसानों पर झूठा मुकदमा दर्ज कर उनका उत्पीडऩ किया जा रहा है। धरना प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने एसएचओ हटाओ थाना बचाओ, जय जवान जय किसान आदि नारेबाजी की। एसपी को सम्बोधित सौंपे गये ज्ञापन में आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष राजेपुर संगठन से विरोधी मानसिकता रखते है। इसी कारण से किसान यूनियन भानू गुट के कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे लगा दिये जाते है। क्षेत्र में लगने वाले अवैध जुएं के फड़, अवैध खनन, अवैध शराब के धंधे फल-फूल रहे है, लेकिन थानाध्यक्ष की निगाह वहां तक नहीं पहुंचती। वह सिर्फ फर्जी मुकदमे लिखने में माहिर हो गये है। जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सोमवंशी ने कहा कि जो झूठे मुकदमे लिखे गये है उन्हें तुरन्त खत्म किया जाये। अन्यथा की स्थिति में आंदोलन होगा। उन्होंने बताया कि 25 मई को विशाल किसान पंचायत शुरु होगी, जो कई दिनों तक चलेगी। जिसके लिए उन्होंने एसपी से सुरक्षा की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में अवधेश सिंह, बबलू दीक्षित, रक्षपाल सिंह, गीत सोमवंशी, विमल राजपूत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *