
*बसपा प्रत्याशी को जबरन जिताने का प्रशासन पर भाजपाइयों ने लगाया आरोप
आरओ टेबिल तक पहुंचकर भाजपा नेताओं ने लगाये जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सातनपुर नवीन मण्डी स्थल पर शनिवार को चल रही नगर निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान दोपहर बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता अपने समर्थकों मयंक बुन्देला व शैलेन्द्र सिंह राठौर, संजीव गुप्ता व अन्य कार्यकर्ताओं के मतगणना पाण्डाल में घुस गये और आरओ टेबिल तक पहुंच गये। भाजपा नेताओं ने जिला प्रशासन मुर्दाबाद की जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही प्रशासन पर बसपा प्रत्याशी के लिए पक्षपात करने का आरोप लगाया। भाजपाई मण्डी प्रांगण में धरने पर बैठ गये। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा व अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले को संभाला, लेकिन भाजपाई मानने को तैयार ही नहीं हो रहे थे। भाजपाईयों के हंगामे के कारण काफी देर तक मतगणना कार्य रुका रहा। काफी मुश्किल से समझा-बुझाकर पुन: मतगणना कार्य शुरु कराया गया।
भाजपा नेताओं ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाया कि आरओ टेबिल पर बसपा प्रत्याशी वत्सला अग्रवाल को चुनाव जिताया जा रहा है। भाजपा नेता राजेश मिश्रा ने प्रशासन द्वारा बेइमानी किये जाने का आरोप लगाया और अपने साथियों सहित मतगणना स्थल छोड़कर जाने लगे। काफी समझाने पर भाजपाईयों का गुस्सा शांत हो सका। भाजपा नेताओं का कहना था कि भाजपा हर एक बूथ पर जीत रही है, लेकिन प्रशासन बसपा प्रत्याशी को जिताने का काम कर रहा है। ऐसा नहीं होना चाहिए। भाजपा नेताओं को सीओ अमृतपुर व सिटी मजिस्टे्रट ने भी समझाने का प्रयास किया। समझा जाता है कि पहले चक्र से लेकर चौथे चक्र तक भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुषमा गुप्ता तीसरे नम्बर पर चलती रही। इस बात से खिसियाये भाजपाइयों ने हंगामा काटा।