कार की टक्कर से स्कूल संचालक की मौत, पत्नी गंभीर घायल

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। सडक़ पर चलने वाले तेज रफ्तार वाहनों की गति सामान्य नहीं हो पा रही है। जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। दो पहिया वाहन चालक पैदल चलने वाले साइकिल और ई-रिक्शा से यात्रा करने वाले लोगों की जान हमेशा खतरे में रहती है। सडक़ सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की तरफ से किसी प्रकार का कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को थाना राजेपुर क्षेत्र में इटावा-बरेली नेशनल हाईवे स्थित रामगंगा पुल पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। कानपुर नंबर की तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार निजी स्कूल संचालक ज्ञान प्रकाश दुबे (56) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुमन लता गंभीर रूप से घायल हो गईं। दंपति अपनी बेटी शिवांगी की ससुराल कनकापुर से वापस लौट रहे थे। सुबह के समय रामगंगा पुल पर उल्टी दिशा से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। ज्ञान प्रकाश पुल से नीचे जा गिरे और उनकी पत्नी भी दूर जा गिरीं। पुलिस ने दोनों को सीएचसी राजेपुर पहुंचाया। चिकित्सक ने ज्ञान प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुमन को जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया गया। ईएमओ डॉ0 ध्रुवराज के अनुसार सुमन को हेड इंजरी हुई है और टांके लगे हैं। थाना अमृतपुर क्षेत्र के हुसैनपुर गुजरपुर निवासी ज्ञान प्रकाश क्षेत्र में दो निजी स्कूल चलाते थे। वे कई दशकों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर सुनकर स्थानीय लोग, समाज सेवी नेता और पूर्व छात्र अस्पताल पहुंचे। उनके पुत्र योगेश, शीलेश, अवनेश, गोविंद और बेटी शिवांगी का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ अमृतपुर अजय वर्मा ने बताया कि मृतक के पंचनामे की कार्यवाही की जा रही है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *