सीएचसी में कराया गया भर्ती, कई लोग प्राइवेट चिकित्सकों के यहां पहुंचे
फर्रुखाबाद/कायमगंज, समृद्धि न्यूज। क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी रमेश चन्द्र के पुत्र गौरव का तिलक गुरुवार को देर शाम खुशियों भरे माहौल में चढ़ रहा था। लडक़ी पक्ष के लोग थाना शमसाबाद से आये हुए थे। बाकी आसपास के पड़ोसी रिश्तेदार, दोस्त सभी तिलक समारोह में पहुंचे थे। मेहमानों की आवभगत के लिए लजीज व्यंजन पनीर, खोये की लौंज, रसगुल्ला सहित कई अन्य चीजें बनवायी गयी थीं। नाश्ता व खाना खाने के बाद लोगों की तबियत बिगडऩे लगी। जिससे अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। देखते ही देखते करीब ५० से अधिक लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गये। उन्हें आनन-फानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया। जिसमे सुनीला देवी (35) पत्नी आशाराम निवासी रघुनाथपुर शाहजहांपुर, नीरज देवी (45) पत्नी दुर्वेश चन्द्र निवासी रायपुर, शिवानी (25) पत्नी राहुल निवासी रायपुर, शोभा (24) पत्नी मोहित रायपुर, शिवानी (18) पुत्री दुर्वेश निवासी गंजडुंडवारा व रायपुर निवासी मोहित का 4 वर्षोय पुत्र तेजस्व आदि शामिल है। वहीं प्राथमिक इलाज के बाद सुनीला देवी, शोभा व तेजस्व को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस दौरान कोई उल्टी कर रहा था, तो कोई पेट दर्द से कराह रहा था। कई लोग तो प्राइवेट चिकित्सक के यहां पहुंचे और कोई सरकारी अस्पताल की ओर भाग रहा था। वहीं रमेश चंद्र की पत्नी मीना देवी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को एक शिकायती पत्र दिया जिसमें कहा गया है कि उसके पुत्र के तिलक समारोह के लिए दिनांक 17.०4.2025 को दावत के लिए खोया, पनीर व अन्य खाद्य वस्तुएं खरीदी गई थीं। जिसमें खोया प्रकाश मोहल्ला चिलांका कायमगंज व पनीर कंटूरी गांजा भांग वाली गली कायमगंज से खरीदा गया था। जिसे खाने से लगभग 50 से अधिक लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गये। मीना देवी उपरोक्त दुकानदारों के सामान की जाँच कराकर कार्यवाही करने की मांग की है।
तिलक समारोह में खाना खाकर दर्जनों लोग हुए फूड प्वाइजनिंग का शिकार
