ट्रक का कट लगने से कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, एक की मौत

चार की हालत गंभीर, दो को हायर सेंटर के लिए किया गया रेफर
फर्रुखाबाद समृद्धि न्यूज। थाना अमृतपुर क्षेत्र में बदायूं मार्ग पर राधा रानी पेट्रोल पंप पर तेज रफ्तार कार की ट्रक से भिड़ंत हो गई। जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, वहीं अन्य चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर निवासी मोनू सिंह उम्र 20 वर्ष अपनी कार से अपने साथी हिमांशु पुत्र मुकेश निवासी हरिहरपुर और उमंग गुप्ता निवासी राजेपुर कस्बा और हिमांशु पुत्र सतेंद्र और अंकुर पुत्र सुनील कुमार निवासी बिरसिंहपुर के साथ कार से हिमांचल प्रदेश जा रहे थे। वहां उनकी शिमला मंसूरी घूमने की योजना थी। जब थाना अमृतपुर क्षेत्र में बदायूं मार्ग पर गाड़ी पहुंची, तभी ट्रक का कट लग गया। जिससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस व कार सवारों के परिजन पहुंच गये। स्वीफ्ट कार का इतना बुरा हाल हो गया था की घायलों को निकालने के लिए कार के गेट काटने और तोडऩे पड़े। आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने मोनू को मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवा कर पुलिस सूचना भेज दी। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। दो की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *