आकांक्षा समिति को लोहिया में चिकित्सा व्यवस्था मिली चौपट

शौचालय में ताला पड़ा देख जतायी नाराजगी, सीएमएस नहीं थे मौजूद
फर्रुखबाद, समृद्धि न्यूज। आकांक्षा समिति की अध्यक्ष को डॉ0 राम मनोहर लोहिया अस्पताल के निरीक्षण में अव्यवस्थाओं का अंबार मिला। जिस पर उन्होंने $कड़ी नाराजगी जाहिर की।
शनिवार को लोहिया अस्पताल का निरीक्षण आकांक्षा समिति की अध्यक्ष वंदना द्विवेदी व उनके साथ समिति की उपाध्यक्ष डॉ0 रजनी सरीन ने किया। इस दौरान अध्यक्ष को लोहिया में काफी अव्यवस्थायें देखने को मिलीं। मरीजों के पास गंदगी व चादर भी साफ नहीं बिछी थीं। मरीजों से बातचीत करने पर समिति की अध्यक्ष को बताया कि कई बार बुलाने पर देखने आते हैं। समय पर दवाई नहीं दी जा रही है। जिस पर उन्होंने नाराजगी जतायी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि लोहिया अस्पताल के स्टाफ की जगह मरीज को खुद तीमारदार स्ट्रेचर पर ले जाते दिखे। जिस पर उन्होंने संबंधित स्टाफ से पूछा कि यह काम कर्मचारियों का है, तो तीमारदारों से स्ट्रेचर क्यों खिंचवाया जा रहा है, तो कोई जवाब नहीं था। दिव्यांगों के लिए बने शौचालय में ताला पड़ा था। उस पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कई वार्डों का निरीक्षण किया। वहां पर भी उन्हें गंदगी के अलावा कई समस्यायें देखने को मिलीं। आकांक्षा समिति के निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ0 अशोक प्रियदर्शी मौजूद नहीं थे। आकांक्षा समिति की अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने बताया कि हमारी समिति ने निरीक्षण किया। अनेकों खामियां देखने को मिलीं। इन सबकी रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *