होमगार्ड ने भाजपा नेता को पीटा, भाजपाइयों ने घेरा थाना

 कायमगंज, समृद्धि न्यूज। मामूली बात पर होमगार्ड ने भाजपा नेता की कोतवाली के अंदर थप्पड़ों से पिटाई कर दी। पिटाई से गुस्साये भाजयुमो के पदाधिकारियों ने थाने का घेराव किया और होमगार्ड के खिलाफ कार्यवाही करने की बात कही।
जानकारी के अनुसार रविवार को नगर युवा मोर्चा के महामंत्री अम्बुज गंगवार उर्फ छोटू पुत्र निर्दोष कुमार गंगवार निवासी मोहल्ला छपट्टी करीब १०:३० बजे क्रॉसिंग के पार जा रहे थे। उस समय क्रॉसिंग बंद थी। वहां पर बाइक पर पहले से ही प्रेमचंद्र यादव होमगार्ड पुत्र नामालूम निवासी ग्राम नामालूम अपने दो साथियों के साथ मौजूद थे। बाइक टेढ़ी खड़ी हुई थी। जिस पर पीडि़त ने कहा कि अपनी बाइक को सीधा कर लो, तभी प्रेमचंद्र अपना आपा खो बैठा और आगबबूला होकर गाली-गलौज करने लगा तथा कहा कि मुझको नहीं जानता मैं कोतवाली में होमगार्ड हूँ। क्रॉसिंग खुलने के बाद पीडि़त वापस इसकी शिकायत लेकर कोतवाली आया, तभी पीछे से होमगार्ड थाने के अंदर गाली-गलौज कर मारपीट करने लगा। तब पीडि़त ने विरोध करते हुए कहा कि हमें बिना गलती क्यों मार रहो हो, तब होमगार्ड कहने लगा कि तुम भाजपा के नेता हो इसलिए तुम्हें मार रहे हैं। साथ ही कहा कि अगर तुमने जरा भी नेतागीरी की, तो तुम्हें तुम्हारे घर में घुसकर मार डालेंगे और फर्जी मुकदमे में फंसा देंगे और कोतवाली से भगा दिया। घटना की जानकारी होने पर घटना की सूचना पदाधिकारियों को दी। जिस पर  युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने पहुंचकर थाने का घेराव किया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाये। इस दौरान पूर्व विधायक अमर सिंह खटिक, पूर्व पालिकाध्यक्ष समेत कई नेता थाने पहुंचे और पुलिस से वार्ता की। कोतवाली प्रभारी ने मामले की जांच कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *