
*मृतक की जेब से मिला सुसाइट नोट, पुलिस ने नहीं किया उजागर
*मौत से कुछ दिन पहले सौरिख में बेंचा था प्लाट, 7 लाख 40 हजार गायब
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। कस्बे के एक नवनिर्मित मकान में पिछले तीन महीने से रह रहे व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में फांसी पर लटका मिला। पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर फिंगरप्रिंट लिये। इसके बाद शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के नगला दमू निवासी पंकज राठौर पुत्र रघुनंदन लाल राठौर हाल निवासी कस्बा राधा स्वामी गली के नवनिर्मित मकान में पंकज के सौरिख निवासी मामा के पड़ोसी जितेन्द्र पाल पुत्र सुगर सिंह पाल विगत तीन माह से रह रहे थे। बताते है कि जितेन्द्र पाल काफी राजनैतिक समझ वाले व्यक्ति थे। पंकज ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाग लेेने का मन बनाया तो जितेन्द्र पाल को तीन महीने पहले अपने पास बुला लिया, तब से वह कस्बे में ही रहकर पंकज के राजनैतिक कार्यों की देखभाल कर रहे थे। विगत दिनों अपने घर कस्बा सौरिख गये और वहां अपने एक प्लाट की बिक्री 7 लाख 40 हजार रुपये में कर दी और पैसा लेकर पुन: पंकज के घर आ गये। पंकज ने बताया कि लगभग 20 दिन पूर्व वह अपने परिवारियों से नाराज हो गये थे, तभी उन्होंने प्लाट बेंच दिया। प्लाट बिकने की जानकारी होने पर उनका पुत्र अनुपम पाल आया और पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई। अनुपम पैसे ले गया और कह गया कि जितेन्द्र उसके पिता नहीं है। इस बात से आहत जितेन्द्र पाल बीती शाम काफी रोते रहे। समझा-बुझाकर उन्हे शांत किया गया,लेकिन सुबह जब दूध लेने जाने के लिए नहीं उठे तो उनको फोन मिलाया तो उनका फोन स्वीच ऑफ जा रहा था। उस समय ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब बच्चे नवनिर्मित मकान की तरफ गये तो उन्होंने जितेन्द्र पाल का शव लटकते देखा और घर पर जानकारी दी। आनन-फानन में पुलिस को जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा ने घटना स्थल पर पहुंचकर सूचना उच्चाधिकारियों को दी व मृतक के परिवारियों को भी घटना की जानकारी दी। मृतक के परिवार से कोई नहीं आया। पुलिस ने मृतक के एयरफोर्स में तैनात पुत्र वरुण कुमार को वीडियो काल के जरिए घटना से अवगत कराया तो उनका मित्र सतेन्द्र मौके पर आया और शव को ले जाने के लिए कहा, लेकिन पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए बिना पोस्टमार्टम कराये शव को ले जाने से मना कर दिया। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। क्योंकि मृतक के पैर जमीन पर रखे थे। पुलिस को मृतक की जेब से सुसाइट नोट भी मिला, जिसका खुलासा पुलिस ने नहीं किया। फिलहाल पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और साक्ष्य जुटाये।वहीं पुलिस को शक है कि जितेन्द्र पाल को मारकर उसका शव लटका दिया गया है। फिलहाल मामला संदिग्ध है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चल सकेगा कि हत्या है या आत्महत्या।
