मिट्टी खोद रही दो किशोरियां टीले में दबी, एक की मौत

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। कच्चे घर की पुताई के लिए मिट्टी खोद रहीं दो किशोरियां टीले धंसने से दब गयी। जब तक उन्हें निकाला जाता, तब तक एक किशोरी की मौत हो चुकी थी। दूसरी को घायलावस्था में सीएचसी ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम तलैया नगला की रहने वाली दो चचेरी बहनें गुरमीत और गोल्डी कच्चे मकान की पुताई के लिए सदरियापुर में मिट्टी खोद रही थीं, तभी अचानत टीला धंसने से वह मिट्टी में दब गयीं। चीख पुकार पर गांव के लोग मौके पर पहुंच गये। ग्रामीणों ने तुरंत मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर विकास पटेल ने गुरमीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि गोल्डी की हालत गंभीर देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय सीएचसी कमालगंज पहुंचीं और परिजनों से जानकारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *