उन्नाव,समृद्धि न्यूज़। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में गंगा किनारे एक दर्दनाक और भावुक कर देने वाली घटना हुई, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। धन्नापुरवा गांव निवासी 17 वर्षीय सबनम ने अपनी सात साल की भतीजी सिमरन को डूबने से बचाने के लिए गंगा में छलांग लगाकर उसे बचा लिया, लेकिन वह नदी की तेज धारा में बह गई और अब तक उसका पता नहीं चल सका है।सिमरन अपने पिता अशोक के साथ गंगा में स्नान करने गई थी। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में फंसकर डूबने लगी। पास में मौजूद बुआ सबनम ने जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। सबनम ने भतीजी को किसी तरह किनारे पहुंचा दिया लेकिन उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज पानी के बहाव में बहती चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सबनम की तलाश शुरू कराई गई। शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। सबनम के लापता होने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
