परमीशन की आड़ में खुलेआम हो रहा है मिट्टी खनन

 सरकार को राजस्व का लगाया जा रहा चूना
खनन अधिकारी बोले: करेंगे कार्यवाही
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। परमीशन की आड़ में खुलेआम अवैध मिट्टी का खनन कर राजस्व विभाग को लाखों का चूना लगाया जा रहा है और यह खेल पूरे जिले में चल रहा है। जनता को गुमराह करने के लिए कुछ ट्राली की परमीशन लेकर सैकड़ों ट्राली मिट्टी का अवैध खनन करने का खेल खुलेआम चल रहा है। इसे चाहें पुलिस का अशीर्वाद समझे या अनदेखी। खनन करने वाले लोग टै्रक्टर कई पुलिस चौकियों के सामने से गुजरते है, लेकिन पुलिस को दिखायी नहीं देता। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग खनन करने की परमीशन तो दे देता है, लेकिन कभी भी जिस स्थान पर खनन करने की अनुमति दी है वहां आकर क्यों नहीं आकर देखते है। विभाग की ढिलाई के चलते खनन करने वालों के हौसले बुलंद है।

सूत्रों की माने तो कोतवाली फतेहगढ़ के क्षेत्र नौखण्डा में खुलेआम मिट्टी का खनन हो रहा है। पूछे जाने पर टै्रक्टर से मिट्टी ले जा रहे चालक ने बताया कि उनके पास 100  घन मीटर की परमीशन है। जबकि मौके पर लगभग एक हजार घन मीटर से अधिक मिट्टी की खुदाई हो चुकी है। ऐसे जिले भर में कई स्थानों पर अवैध तरीके से मिट्टी का खनन कर सरकार को राजस्व का चूना लगाया जा रहा है।

जबकि प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश है कि कहीं भी अवैध तरीके से खनन नहीं होने दिया जायेगा, उसके बावजूद खुलेआम अवैध खनन का खेल जारी है। इस संदर्भ में जब खनन अधिकारी संजय प्रताप सिंह से संवाददाता ने जानकारी की तो उन्होंने बताया कि मौके पर जाकर जांच करेंगे कि परमीशन कितने की है और कितने घन मीटर मिट्टी परमीशन में बताये गये स्थान से उठायी गई है। अगर नियम विरुद्ध मिट्टी उठायी गई होगी तो जांच कर कार्यवाही की जायेगी।

उन्होंने बताया कि जून माह में एक पनचक्की के अलावा 17 अन्य वाहनों को अवैध खनन के मामले में पकडक़र कार्यवाही की गई थी। 12,45,430 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। जिसमें 1 पनचक्की, 14  टै्रक्टर ट्राली, 2  डम्पर,1 जेसीबी सीज की गई थी। अवैध बालू खनन माफिया पर 7 लाख 70  हजार 430 रुपये का जुर्माना किया था। मिट्टी खनन माफियाओं के विरुद्ध 4 लाख 55  हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *