छांगुर बाबा का खुलासा: 1500 हिंदू लड़कियों का कराया धर्मांतरण, केंद्र और कई जिलों की डेमोग्राफी बदलना था मंसूबा

समृद्धि न्यूज। हजारों लोगों का अवैध धर्मांतरण कराने वाला जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा बलरामपुर और आसपास के जिलों की डेमोग्राफी बदलना चाहता था। जिसके लिए वह हिंदुओं को इस्लाम धर्म अपनाने के लिए हर तरह का प्रलोभन देता था। उसका मंसूबा बलरामपुर में इस्लामिक दावा सेंटर और मदरसा बनाने का भी था।
बलरामपुर जिले के मधपुर निवासी जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा और उसकी सहयोगी नीतू उर्फ नसरीन की गिरफ्तारी यूपी एटीएस ने पिछले दिनों की। बाबा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और अवैध धर्मांतरण के आरोपों में गिरफ्तार हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के बाद अब खुलासे हो रहे हैं। बताया जा रहा है बाबा ने 1500 से अधिक हिंदू लड़कियों का अवैध रूप धर्मांतरण कराया था। आशंका जताई गई है कि उसके अनुयायियों में महिलाओं की संख्या अधिक थी, अब एटीएस उन लोगों का पता लगा रही है जो अवैध धर्मातंरण का शिकार हुए हैं। जानकारी के अनुसार, छांगुर बाबा ने यूपी के बलरामपुर आने से पहले महाराष्ट्र से दुबई तक अपना नेटवर्क बना लिया था। कहा जा रहा है कि उसने महाराष्ट्र में भी बड़ी संख्या में अवैध रूप से लोगों का धर्म बदलवाया।

एक दरगाह के बाहर बेचता था अंगूठी

छांगुर बाबा मुंबई में एक दरगाह के बाहर अंगूठी बेचता था। देखते ही देखते खाड़ी देशों की उन संस्थाओं में उसने अपनी गहरी पैठ बना ली जो हिंदुओं को इस्लाम धर्म में शामिल कराने में जुटी हैं। बलरामपुर आने के बाद उसने यहां और आसपास के जिलों में लोगों का अवैध रूप से धर्म बदलवाना शुरू कर दिया। उसके करीबी रिश्तेदार और अनुयायी जगह-जगह जाकर कार्यक्रम कर लोगों को प्रेरित करते कि वो इस्लाम धर्म अपना लें।

छांगुर बाबा हिंदू धर्म के प्रति घृणा और वैमनस्यता फैलाकर शरिया कानून स्थापित कर भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाना चाहता था। एटीएस ने छांगुर बाबा और उसकी करीबी नीतू उर्फ नसरीन को रिमांड पर लेने के लिए अदालत को यह जानकारी दी है। राजधानी स्थित एनआईए की विशेष अदालत के विशेष न्यायाधीश हुसैन अहमद अंसारी ने छांगुर बाबा और नसरीन की सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की है। एटीएस की ओर से ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी ने अदालत को बताया कि छांगुर बाबा संगठित रूप से हिंदू, गैर-मुस्लिम समुदाय के गरीबों, असहाय मजदूरों, कमजोर वर्ग के लोगों, विधवा महिलाओं को आर्थिक मदद करने, शादी कराने, नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर अवैध तरीके से धर्मांतरण कराता था। कई लोगों का उसने डरा-धमका कर धर्मांतरण कराया है। वह अवैध धर्मांतरण कर मुस्लिम धर्म के लोगों की जनसंख्या बढ़ाकर देश की जनसांख्यिकी को प्रभावित कर रहा था, जिसका उद्देश्य प्रजातांत्रिक व्यवस्था को समाप्त कर भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाना था। एसटीएफ की जांच रिपोर्ट के अनुसार, बलरामपुर और उसके आसपास के जिलों में पुलिस-प्रशासन, एलआईयू के कुछ अफसर बाबा से पैसे लेकर बिक गए थे। बाबा बलरामपुर और उसके आसपास के जिलों में डेमोग्रामी बदलना चाहता था। बाबा की ओर से गैर-मुस्लिमों को इस्लाम में आने के लिए हर तरह का लालच दिया जाता था।
कोर्ट ने बुधवार को एटीएस को छांगुर बाबा और उसकी करीबी नीतू रोहरा उर्फ नसरीन की सात दिनों की रिमांड दे दी। दोनों की रिमांड अवधि आज यानी गुरुवार से शुरू होगी। इस दौरान छांगुर बाबा से आईबी और एनआईए के अधिकारी भी सवाल करेंगे। छांगुर की किलेनुमा कोठी को तोडऩे के लिए प्रशासन गुरुवार को तीसरे दिन भी कार्रवाई करेगा। वहीं, छांगुर पर गैंगेस्टर की भी होगी कार्रवाई होगी। इसके लिए एफआईआर का ब्योरा जुटाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *