टप्पेबाज युवक ने महिला को झांसे में लेकर सोने के जेवर किए पार

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। टप्पेबाज युवक ने महिला को झांसे में लेकर उसके जेवरात पार कर दिये। पीडि़ता ने थाना कमालगंज पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार फर्रुखाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इस्माइलगंज साहनी निवासी रेखा वर्मा पत्नी जगदीश वर्मा ने थाना कमालगंज में शिकायत कर बताया कि मैं कमालगंज के पास स्थित गांव नारायणपुर गढिय़ा में अपने रिश्तेदार के साथ ट्रेन से आई थी। ट्रेन से उतरते समय रास्ते में एक अज्ञात युवक मिला। उसने मुझे देखकर कहा कि आप बहुत परेशान दिख रही हैं क्या दिक्कत है। मैं आपकी सारी दिक्कतें दूर कर दूंगा। मैं उसके झांसे में आ गई। युवक मुझे कमालगंज रेलवे स्टेशन पर बुला ले गया और एक कागज दिया और मुझसे कहा कि इस कागज में अपने सारे जेवर उतार कर रख दो। मैंने वैसा ही किया। सारे जेवर कागज में उतारकर रख दिए। उस युवक ने फिर एक धागा दिया और कहा इन जेवरों को बांधकर उसमें गांठ लगा दो। मैंने वैसा ही किया। उसके बाद युवक बोला कि इन जेवरों को घर जाकर ही पोटली को खोलना। उसके बताए अनुसार मैं जब अपने रिश्तेदार के घर पर पहुंची, तो जेवर की पोटली खोलने पर उसमें सारे पत्थर भरे हुए थे। तब मुझे अपने साथ ठगी होने का आभास हुआ। जिस पर मैं तुरंत ही अपने पति के साथ कमालगंज थाना पहुंची और अज्ञात युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *