28 जून को बालिका का मिला था शव, पुलिस सरगर्मी से कर रही थी तलाश
पुलिस अधीक्षक/अपर पुलिस अधीक्षक ने लोहिया पहुंचकर टीम से ली जानकारी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बालिका से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 50 हजार के ईनामी अधेड़ को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है। पुलिस उसकी काफी समय से तलाश कर रही थी। उसके पास से एक पिस्टल बरामद हुई है। उसे लोहिया अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक लोहिया अस्पताल पहुंचे और टीम से जानकारी की।
जानकारी केे अनुसार कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के एक ग्राम निवासी 8 वर्षीय बालिका अपनी बुआ के घर कोतवाली मोहम्मदाबाद के एक गाँव 3 जून को आयी थी। शुक्रवार 27 जून को सुबह 10 बजे बालिका अपनी बुआ की पुत्री के साथ नीव करोरी चौकी के पीछे सरकारी पानी टंकी के पास आम के बाग में आम खाने गयी थी। उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसे अपने साथ बहला फुसलाकर ले गया था। 28 जून को उसकी लाश पड़ोसी जनपद मैनपुरी के भोगांव के ग्राम देवीपुर निवासी सर्वेश यादव के खेत में पायी गयी थी। उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को फेंका गया था। पुलिस को जांच पड़ताल के दौरान सीसीटीवी में एक कबाड़ी साइकिल से पैदल जाता दिखा। उसके पीछे-पीछे बालिका जाती दिख रही थी। सीसीटीवी की जाँच के बाद मेरापुर थाना क्षेत्र के पखना गांव निवासी 55 वर्षीय मनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तकरीबन 18 दिन पूर्व पुलिस अधीक्षक ने बलात्कारी मनू पुत्र लटूरी के ऊपर 25 हजार का ईनाम घोषित किया था। उसके बाद पुलिस उप महानिरीक्षक हरीश चंदर द्वारा आरोपित पर घोषित 25 हजार रुपये इनाम को दो गुना कर दिया गया है। मोहम्दाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम खटा के पास दुष्कर्मी मनु के पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी और उसे लोहिया अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि आरोपी मानू पर हत्या, रेप और अपहरण के मुकदमे दर्ज थे और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। आज उसकी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से मौत हो गयी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला था पुलिस को सुराग
मृतक बच्ची के परिजनों का कहना है कि बच्ची की तलाश के दौरान नींवकरोरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक अह्म सुराग मिला था। फुटेज से पता चला था कि बच्ची को का एक अधेड़ व्यक्ति अपने साथ ले गया था। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति मंदिर के आसपास खाली बोतलें और कबाड़ उठाता था। पुलिस तभी से इस संदिग्ध की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था। जिसके चलते पुलिस ने उस पर ५० हजार का ईनाम भी घोषित किया था। उसी को आज पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
