मानव तस्करी से तार जुड़े होने की संभावना, जांच में जुटी पुलिस
समृद्धि न्यूज। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने 56 युवतियों को बचाया है। नौकरी का झांसा देकर इन युवतियों को बहला-फुसलाकर लाया गया था और ट्रेन से बिहार ले जाया जा रहा था। सभी के हाथ पर कोच नंबर और सीट नंबर की मुहर लगी थी। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मानव तस्करी के एंगल पर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, न्यू जलपाईगुड़ी-पटना कैपिटल एक्सप्रेस ट्रेन से 56 लड़कियों को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में नौकरी दिलाने के नाम पर बिहार ले जाया जा रहा था, लेकिन रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने सिलीगुड़ी के न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर बिना किटक यात्रा करते सभी युवतियों को पकड़ लिया, जिससे सभी बच गयी। इस मामले में उनके साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन लड़कियों को सोमवार 21 जुलाई देर रात न्यू जलपाईगुड़ीपटना कैपिटल एक्सप्रेस से बचाया गया। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिन लड़कियों को ले जाया जा रहा था उनकी उम्र 18 से 31 साल के बीच बताई जा रही है।
इन युवतियों से बेंगलुरु की एक कंपनी में नौकरी दिलाने का झूठा वादा किया गया और इन्हें बहलाया फुसलाया गया। जब रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों ने इतनी सारी लड़कियों को ट्रेन में एक साथ सफर करते देखा तो कुछ शक हुआ। उन्होंने लड़कियों से टिकट मांगा तो एक भी लडक़ी के पास टिकट नहीं था। इन युवतियों के हाथ पर सिर्फ कोच और सीट नंबर की मुहर लगी हुई थी।
पश्चिम बंगाल से बिहार ले जायी जा रही 56 युवतियों को रेलवे पुलिस ने बचाया
