नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। पवित्र सावन के महीने में पडऩे वाली शिवरात्रि शिव तेरस के दिन भोले बाबा के भक्तों में काफी उत्साह दिखा।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव पुठरी स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर पर बुधवार को सावन के पवित्र महीने में पड़ी शिव तेरस शिवरात्रि के दिन भगवान भोले की भक्तों ने आराधना की और कावड़ यात्रा के जरिए प्रत्येक शिव भक्त लगभग 50-५० लीटर पवित्र गंगाजल लेकर पुठरी मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद विल्वपत्र, भांग, धतूरा, पुष्प आदि अर्पित कर पूजा अर्चना की। सुबह 3:00 बजे से ही भक्तों का आना जाना शुरु हो गया था। सभी भक्तों द्वारा लगाये गये बम-बम भोले के उद्घोषों से मंदिर परिसर गूंज उठा। बताते चलें कि पुठरी मंदिर सैकड़ों वर्षों पुराना है। यहां पर जनपद के अलावा अन्य आसपास के जनपदों से भी भक्त आकर पूजा अर्चना करते हैं। श्रावण मास में यहां पर मेला लगता है। जिसमें बाहर से दुकानदार आकर अपनी-अपनी दुकानें लगाते हैं।
दबंग से पुजारी परेशान
पुठरी मंदिर के पुजारी महंत सुरेश गिरी ने बताया कि जब वह पूजा अर्चना करने के लिए भक्तों के साथ खड़े होते हैं, तभी गांव का ही एक दबंग युवक आकर गाली-गलौज करने लगता है तथा मारपीट पर उतारू हो जाता है। जिसकी शिकायत मेला प्रभारी हलका इंचार्ज रमाशंकर पांचाल से की, तो उन्होंने जल्द ही दबंग के विरुद्ध कार्रवाई करने का महंत को आश्वासन दिया।
