एसपी ने पहुंचकर लोगों से की सौहार्द बनाये रखने की अपील
थानाध्यक्ष को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी करने के दिये निर्देश
सीओ ने करायी मरम्मत, पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। एक शराबी युवक ने करीब 700 साल पुरानी मजार को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिससे जाति विशेष के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तथा थानाध्यक्ष को उपरोक्त युवक के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिये। वहीं सीओ ने तुरंत रुपये देकर मजार की मरम्मत करायी।
जानकारी के अनुसार कायमगंज क्षेत्र के ग्राम शिवरई मठ खान बहादुर बाबा सैय्यद की मजार बनी है, जो लगभग 700 साल पुरानी बताई जाती है। ग्रामीणों के अनुसार इस मजार पर हिंदू-मुसलमान सभी धर्मों के लोग आते हैं। हर साल वैशाख मास की चार तारीख को यहां विशाल मेले का आयोजन किया जाता है। जिसमें आसपास के क्षेत्रों के लोग भी शामिल होते हैं। बताते हैं कि इस मजार को बीती रात शराबी युवक खडग़ सिंह ने क्षतिग्रस्त कर दिया। मजर पर लगे टायल्स आदि तोड़ दिये। जिससे एक समुदाय विशेष के लोग भडक़ गये। घटना की सूचना मिलने पर सीओ संजय वर्मा, इंस्पेक्टर अनुराग मिश्रा और अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। सीओ ने आनन-फानन में अपनी जेब से रुपये देकर मजार को दुरुस्त करने के निर्देश दिये। वहीं सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक आरती ंिसंह भी मौके पर पहुंचीं तथा मौजूद लोगों से साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखने हेतु अपील की तथा थानाध्यक्ष को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश दिये। वहीं आरोपी कैंसर का मरीज बताया गया है। फिलहाल पुलिस ने उसकी तलाश शुरु कर दी है।
शराबी युवक ने 700 साल पुरानी मजार को किया क्षतिग्रस्त
