दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, अमरनाथ यात्रा एक सप्ताह पहले बंद

समृद्धि न्यूज। दिल्ली में शनिवार रात से भारी बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के चलते दिल्ली का मौसम सुहावना बना हुआ है। अब 3 और 4 अगस्त के लिए मौसम विभाग की ओर से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। यही नहीं इस पूरे हफ्ते के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 5 दिन बारिश के साथ बिजली कडक़ने की भी संभावना है।
वहीं पहाड़ों के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में मानसून का कहर टूटा है। आसमान से आफत की बारिश हो रही है, जो जमीन पर तबाही मचा रही है। बारिश के कारण जगह-जगह मार्ग के टूटने से अमरनाथ यात्रा समय से एक सप्ताह पहले ही खत्म करनी पड़ी है। मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से शनिवार तडक़े जम्मू-कश्मीर के कठुआ और उधमपुर में दो पुल ढह गए और पांच घरों में दरारें आ गईं। उत्तराखंड के चमोली में एक पन बिजली परियोजना के भूस्खलन की चपेट में आने से 12 मजदूर घायल हो गए हैं। हिमाचल में चार राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 387 सडक़ें बंद हैं। वहीं, पंजाबए राजस्थान और मध्य प्रदेश में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच सेना ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।

इन राज्यों में भी बारिश की संभावना

3-4 अगस्त को मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। 3 से 8 अगस्त के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर गरज, बिजली के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। 3 और 4 अगस्त को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
अगले 7 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों में गरज और बिजली के साथ कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 5 अगस्त को केरल और तमिलनाडु के घाट क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 3 से 8 अगस्त के दौरान तमिलनाडु, केरल और माहे में अलग अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं 3 से 8 अगस्त के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में गरज के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की भी संभावना है। 4 से 6 अगस्त के दौरान जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान में बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *