समृद्धि न्यूज। गोंडा जिले में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, एक लापता है। जबकि, तीन लोगों को बचा लिया गया है। मरने वालों में नौ लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के गोंडा में रविवार को भीषण सडक़ हादसा हुआ है। यहां इटियाथोक थाना क्षेत्र के बेलवा बहुता मजरा रेहरा में बोलेरो गाड़ी अनियंत्रिति होकर नहर में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची है। मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव से श्रद्धालुओं का एक गु्रप बोलेरो में सवार होकर खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध पृथ्वी नाथ मंदिर में जल चढ़ाने जा रहा था। इसी दौरान अचानक बोलेरो सरयू नहर में जा गिरी, जिससे 11 लोगों की मौके पर ही डूबकर मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। जैसे ही वाहन बेलवा बहुता मजरा रेहरा के पास पहुंचा, चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे सरयू नहर में जा गिरी। राहगीरों ने तुरंत शोर मचाते हुए स्थानीय ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इटियाथोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया।
मृतकों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बाकी चार लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पीडि़त परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।
सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना का संज्ञान लेकर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। घायलों के समुचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं।
बारिश बनी काल
बताया जा रहा है कि हादसे के समय हल्की बारिश हो रही थी। नहर के किनारे की सडक़ फिसलन भरी थी और बेहद संकरी भी। बोलेरो को साइड से गुजारने की कोशिश के दौरान अचानक वाहन फिसलकर नहर में पलट गया। वाहन पानी में पूरी तरह डूब गया। इससे सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला।
मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एनडीआरएफ की टीम, पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों ने शवों की तलाश शुरू की। अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं। एक व्यक्ति की तलाश अब भी जारी है, जबकि तीन लोग किसी तरह बाहर निकलकर बच गए।
मृतकों की पहचान जारी
घटना में मृत श्रद्धालुओं की शिनाख्त की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीडि़त परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
