समृद्धि न्यूज, शाहजहांपुर। वाह रे मिर्जापुर पुलिस ! चोरों को रंगे हाथों पकड़कर समझौते के तहत शांतिभंग की कार्रवाई करके अपने कर्तव्य की इतिश्री कर दी। मामला मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढाई का है। शनिवार की रात त्यागी जी के आश्रम के समीप पान,बीड़ी,सिगरेट,पान मसाला और कोलड्रिंक के खोखा दुकान चलाने वाले राममूर्ति और रामबाबू निवासी ग्राम ढाई की खोखा दुकानों के तख्ते उखाड़कर चोरों ने हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया।
चूंकि इस समय ढाईघाट में कांवड़ मेला चल रहा है। जिससे ढाई गांव से लेकर मिर्जापुर थाने की सीमा तक चौबीस घंटे पुलिस की गस्त रहती है। गस्त में चल रहे पुलिसकर्मियों ने खोखा तोड़ रहे सेंटरों कार सवार तीन चोरों को पकड़ लिया। पुलिसकर्मी मय सेंटरों कार तीनों चोरों को मिर्ज़ापुर थाने ले आए। मिर्ज़ापुर थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी ने चोरों से सांठगांठ कर उन्हें शांतिभंग करने की धारा मे चालान न्यायालय एसडीएम को दिया। एसडीएम कार्यालय में आरोपी चोरों ने मीडिया को कैमरे के सामने स्वीकार किया कि पुलिस ने उन्हें खोखे तोड़ते हुए पकड़ा था। उनके कब्जे से बरामद चोरी का सामान पुलिस ने ले लिया है। उधर चोरी का शिकार हुए ढाई गांव निवासी राममूर्ति और रामबाबू ने कहा कि चोरों ने उनके खोखे तोड़कर दो हजार रूपये की नकदी के साथ ही दुकान में रखा सामान चोरी कर लिया। चोरी की जानकारी उन्हें सुबह तब हुई,जब वह दुकान खोलने गए। चोरी की सूचना देने वह दोनों जब थाने गए तब पता चला कि उनके खोखा तोड़ने वाले चोरों को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस को चोरी की तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने चोरों को शांतिभंग करने के आरोप में चालान किया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
शाहजहांपुर पुलिस का कारनामा: चोरों का शांतिभंग में चालान
