नाले के गंदे पानी में घुसकर निकलने को मजबूर है नौनिहाल

  • ये आदर्श नगर हैं यहां सड़क तालाब बन जाती है बारिश में
  • नगर निगम के अधिकारी से लेकर पार्षद बने हैं मूकदर्शक
  • शिकायत के बाद आज तक नहीं हुई कार्रवाई

रोजा,शाहजहांपुर, समृद्धि न्यूज। रविवार को हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। महानगर का रोजा जोन जरा सी बारिश से जलमग्न हो गया। गलियां, मुख्य बाजार में पानी भर गया। वही, जगह जगह जलभराव ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। जलभराव की शिकायत किये जाने के बाबजूद नगर निगम के अधिकारियों व जनता द्वारा चुने गए पार्षद मूक दर्शक बने बैठे हुए हैं। मासूम स्कूली बच्चों को सड़कों पर भरे गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा रहा है। इन बच्चों के साथ कोई भी हादसा हो सकता है।
ज्ञात रहे कि 24 अप्रैल 2019 को इस क्षेत्र को नगर निगम में शामिल किया गया था। इससे पहले यह नगर पंचायत में था। बताते है कि पानी का निकास न होने के कारण बल्लियां मोड़ से लेकर मालगोदाम रोड़ पर जरा सी बारिश में सड़कें तालाब के रूप में बदल जाती है। इसका एक और कारण है कि नगर पंचायत के दौरान बारिश से पहले नालों की तलिझाड़ सफाई अभियान चलाया जाता था, लेकिन जब से रोजा को नगर निगम के आधीन किया गया है,तब से इसकी हालत बद से बद्तर हो गई है। पहले यदि कहीं जलभराव हो जाता था तो नगर पंचायत अध्यक्ष या सभासद से शिकायत करने पर समस्या का समाधान हो जाता था, लेकिन जबसे रोजा क्षेत्र नगर निगम के आधीन हुआ है तब से यहां की जनता किसी से अपनी शिकायत नहीं कर पाता है और न ही उसकी सुनी जाती हैं। रोजा की जनता नगर निगम बनने से अपने आप को ठगा महसूस कर रही है। क्षेत्र के बल्लियां मोड़, आदर्श नगर कालोनी गली नंबर नौ से लेकर सात तक सड़क जरा सी बारिश में जलमग्न हो जाती हैं। जिससे राहगीरों और दुकानदारों से स्कूली बच्चों को भरे पानी से निकलना पड़ता है। वहीं जलकल विभाग ने खुदी सड़कों को दुरुस्त न कराने से बारिश का पानी कहां गड्ढे में भरा हुआ है लोगों को पता नहीं चलता है और वे चुटेल हो जाते हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री के पोटर्ल पर शिकायत की गई थी। पोटर्ल पर शिकायत होते ही नगर निगम के आयुक्त से लेकर कई अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और गली नंबर सात से लेकर नौ तक की सड़क ऊंची कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन वह आश्वासन हवा में उड़ गया। नगर निगम के चुनाव हुए तो क्षेत्रीय लोगों को आस हुई कि वे जिस प्रतिनिधि को चुनेंगे वह इस जटिल समस्या से निजात दिलायेंगे, लेकिन ये आस भी उनकी टूटी नजर आ रही है। फिलहाल लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों से गुहार की है कि सड़क को ऊंची कराया जाये ताकि जलभराव की समस्या से जूझना न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *