एसडीओ बोले, डीएम से कहो या सीएम से, नहीं जोड़ूंगा लाइट

 तीन दिनों से गुल है ग्राम अजीजाबाद की बिजली
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बिजली विभाग के अधिकारियों पर शासन और प्रशासन की कोई लगाम नहीं रह गयी है। खासकर नवाबगंज और शमसाबाद का हाल तो बेहद बुरा है। विकास खण्ड शमसाबाद के ग्राम अजीजाबाद में तीन दिनों से बिजली गुल है। जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद एसडीओ ने विद्युत व्यवस्था सुचारु नहीं की। उल्टा प्रधान से कहा डीएम से कहो या सीएम से नहीं जोड़ूंगा लाइट।
शमशाबाद ब्लाक के ग्राम अजीजाबाद की बिजली बीती 8 अगस्त को सुबह आठ बजे काट दी गयी। कहा गया कि विद्युत पोल के आसपास पानी भरा है। जिस पर प्रधान महेश ने हुसैनपुर तराई के अवर अभियन्ता को प्रार्थना पत्र दिया कि विद्युत पोलों के पास पानी नहीं है। विद्युत व्यवस्था बहाल कर दी जाए। जब बत्ती नहीं चालू हुई तो गांव के युवा समाजसेवी धर्मेन्द्र राजपूत ने 9 अगस्त रात्रि 8:48 बजे जिलाधिकारी से मामले की फोन पर शिकायत की। जिस पर डीएम ने अधीक्षण अभियन्ता को लाइन पर लेकर विद्युत चालू करने के निर्देश दिये। अधीक्षण अभियन्ता ने एसडीओ नवाबगंज को बिजली चालू करने को कहा। जब धर्मेन्द्र राजपूत ने एसडीओ नवाबगंज से बात की, तो उन्होंने कहा कि डीएम से कहो या सीएम से नहीं जोड़ूंगा लाइट। ऐसा ही कुछ कथन जेई शमसाबाद जुनैद शेख का था। 72 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिल गांव अब भी अंधेरे में है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से विद्युत व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *