भिवानी मनीषा हत्याकाण्ड: सीबीआई करेगी जांच, सीएम ने ट्वीट कर दी जानकारी, आज होगा अंतिम संस्कार

हरियाणा: भिवानी मनीषा हत्याकाण्ड के मामले में सीएम नायब सिंह सैनी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि परिवार की मांग के आधार पर हरियाणा सरकार निष्पक्ष जांच के लिए इस केस को सीबीआई को सौंपने जा रही है। इस मामले में पूरा न्याय किया जाएगा। मनीषा हत्याकांड में अब सीबीआई जांच करेगी। देर रात मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इसका एलान किया। इससे पहले मंगलवार को ढाणी लक्ष्मण में पंचायत ने एलान किया कि था कि न्याय मिलने तक मनीषा के शव का अंतिम संस्कार नहीं होगा और मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए।
शिक्षिका मनीषा की मौत के मामले ने एक बार फि नया मोड़ ले लिया। पुलिस द्वारा मनीषा की मौत को आत्महत्या बताने को झूठा बताते हुए मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ढाणी लक्ष्मण में पंचायत ने एलान किया कि न्याय मिलने तक मनीषा के शव का अंतिम संस्कार नहीं होगा और मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए। जिसके बाद मंगलवार देर रात सीएम सैनी ने एलान किया कि मनीषा हत्याकांड की जांच सीबीआई करेगी।

Nayab Saini
@NayabSainiBJP
भिवानी की हमारी बेटी मनीषा और उनके परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रदेश सरकार तथा पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहे हैं। मैं स्वयं लगातार इस मामले की रिपोर्ट ले रहा रहा हूँ। परिवार की माँग के आधार पर हरियाणा सरकार निष्पक्ष जांच के लिए इस केस को CBI को सौंपने जा रही है। इस मामले में पूरा न्याय किया जाएगा।

मेरी बेटी कभी आत्महत्या नहीं कर सकती: संजय

मनीषा के पिता संजय ने कहा कि मेरी बेटी कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। मुझे उस पर विश्वास है। प्रशासन कह रहा है कि उसने आत्महत्या की है। मैं इसको नहीं मानता कि मेरी बेटी आत्महत्या कर लेगी। सारी मेडिकल टीम ने दिखाया कि उसने आत्महत्या की है। मैं कहता हूं कि उसने आत्महत्या नहीं की। मुझे मेरी बेटी के लिए न्याय चाहिए। यह वीडियो संजय ने बनाकर खुद जारी किया था।

सरकार ने मान ली मांग, आज होगा बेटी का अंतिम संस्कार

मनीषा के पिता संजय ने कहा सरकार ने उनकी मांग मान ली है, अब कमेटी ने फैसला किया है कि आज बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा, मैंने सब निर्णय कमेटी पर छोड़ रखे थे और कमेटी की वजह से ही उन्होंने सहमति दी थी।

सरकार की अब तक की कार्रवाई

मनीषा की मौत के मामले में अब तक प्रशासन की ओर से कई सख्त कदम उठाए जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक सहित छह पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री के संज्ञान लेने के बाद भिवानी के एसपी मनबीर सिंह को हटाकर सुमित कुमार को नया एसपी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा लोहारू थाने के प्रभारी अशोक, महिला एएसआई शकुंतला, डायल-112 की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल टीम के एएसआई अनूप, कांस्टेबल पवन और एसपीओ धर्मेंद्र को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई।

क्या है पूरा मामला

प्ले स्कूल की शिक्षिका मनीषा का शव 13 अगस्त को भिवानी के एक खेत में मिला था। वह 11 अगस्त को स्कूल से निकलने के बाद कथित तौर पर एक नर्सिंग कॉलेज में दाखिले के बारे में पूछताछ करने गई थी। इसके बाद से वह लापता थी। लेकिन शव की हालत बेहद खराब थी, गला रेता हुआ था। गर्दन की स्किन, मसल्स और हड्डियां तक गायब थीं। दुष्कर्म की आशंका के चलते सैंपल फॉरेंसिक लैब भेजे गए थे। पुलिस ने सोमवार को दावा किया कि उनकी जांच के अनुसार, लडक़ी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। भिवानी में उसके पिता संजय ने मंगलवार को इस निष्कर्ष को खारिज कर दिया तथा न्याय की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। संजय ने कहा प्रशासन कह रहा है कि मेरी बेटी ने आत्महत्या की है, लेकिन मैं कह सकता हूं कि वह कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। मुझे न्याय चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *