आंधी-तूफान और झमाझम बारिश… दिल्ली-यूपी सहित 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट

समृद्धि न्यूज। देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। दिल्ली के लिए भी आज मौसम विभाग की ओर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में शनिवार को आंधी चलने के साथ तेज बारिश हो सकती है। वहीं पहाड़ी राज्यों पर भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार, मध्य प्रदेश तक कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में मानसून के दोबारा सक्रिय होने से मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने 25 अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में रुक-रुककर कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। आज के लिए कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रयागराज, सोनभद्र, वाराणसी, आगरा समेत प्रदेश के 24 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 59 जिलों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।
दिल्ली में दो दिन से तेज धूप खिली हुई है, जिसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। अब मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में आज के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यानी आज दिल्ली में झमाझम बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। 23 अगस्त से 28 अगस्त तक दिल्ली में बारिश का दौर जारी रहेगा, दिल्ली के साथ-साथ और भी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं 23 अगस्त को झारखंड और ओडिशा में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 6-7 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 23 से 26 अगस्त के दौरान ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, बिहार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 5 दिनों के दौरान इन क्षेत्रों में गरज और बिजली गिरने की संभावना है।
26 अगस्त को मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, अगले 5 दिनों के दौरान गुजरात तट पर और 25-26 अगस्त को महाराष्ट्र तट पर तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। अगले 7 दिनों के दौरान इन क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। 23 से 27 अगस्त के दौरान असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। 26 और 28 अगस्त के दौरान तटीय कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 23 और 24 अगस्त को तमिलनाडु, तेलंगाना में गरज और बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *