वैष्णो देवी मार्ग पर अर्द्धकुंवारी के पास भूस्खलन, 5 श्रद्धालुओं की मौत

समृद्धि न्यूज। मंगलवार दोपहर त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के मार्ग पर भूस्खलन हो जाने से पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। अगले आदेश तक के लिए यात्रा स्थगित कर दी गई है।जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाडिय़ों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर मंगलवार को लैंडस्लाइड हुआ। अर्द्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास लैंडस्लाइड की घटना हुई। जिसमें पांच श्रद्धुलाओं की मौत हो गई, जबकि 14 घायल हो गए। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है कुछ और श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी मूसलाधार बारिश हो रही है, जिसकी वजह से त्रिकुटा की पहाड़ी पर लैंडस्लाइड की यह घटना हुई है। अधिकारियों ने बताया कि अर्धकुंवारी के पास हुए भूस्खलन के बाद बचाव अभियान जारी है, दोपहर करीब 3 बजे भूस्खलन हुआ था। यह आपदा पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक जाने वाले 12 किलोमीटर के घुमावदार रास्ते के लगभग आधे रास्ते पर आई।

बता दें कि जम्मू संभाग में भारी बारिश के कारण अब तक आठ की मौत हो चुकी है। इनमें से पांच तो श्रद्धालु हैं, जो माता वैष्णो देवी के दर्शन करने आए थे। 24 से अधिक घर एवं पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जम्मू में लगभग सभी जलाशय खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं। जिससे शहर और अन्य स्थानों पर कई निचले इलाकों व सडक़ों पर जलभराव हो गया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू संभाग के कई हिस्सों में स्थिति काफी गंभीर है। वह स्वयं स्थिति पर नजर रखने के लिए श्रीनगर से अगली उपलब्ध उड़ान से जम्मू आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *