तीन फर्मों से वसूला 50 लाख का टैक्स व जुर्माना
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सीजीएसटी की कार्यवाही से तम्बाकू व्यापारियों में हडक़ंप मच गया। टीम ने तीन फर्मों से करीब 50 लाख का टैक्स व जुर्माना वसूला।
जानकारी के अनुसार रविवार को कानपुर और फर्रुखाबाद सीजीएसटी की संयुक्त टीम ने कायमगंज के कुबेरपुर गांव में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने बागों के बीच स्थित एक गोदाम में चल रही तीन फर्मों में राजस्व चोरी का भंडाफोड़ किया है। सीजीएसटी टीम ने कार्रवाई से पहले कई दिनों तक इलाके की सुरागरसी की। फिर रात में बाइक से जाकर खुफिया जानकारी एकत्र की गई। पुख्ता सूचना मिलने के बाद कानपुर कमिश्नरेट के उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई। जांच में पता चला कि गोदाम में शिवा टुबैको, बालाजी ट्रेडर्स और श्री सिद्धिविनायक इंटरप्राइजेज नाम से तीन फर्में संचालित हो रही थीं। अभिलेखीय और भौतिक जांच में अनियमितताएं मिलीं। विभाग ने इन फर्मों से करीब 50 लाख रुपए का टैक्स और जुर्माना वसूला। गोदाम पर न तो किसी फर्म का नाम लिखा था और न ही रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित था, जबकि नियमों के अनुसार यह अनिवार्य है। सीजीएसटी अधिकारियों के अनुसार कई अन्य कारोबारी भी विभाग के निशाने पर हैं। जल्द ही उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद तम्बाकू कारोबारियों में हडक़ंप की स्थिति देखी जा रही है। वहीं सूचना मिलने पर कई कारोबारिए गोदाम में ताला जडक़र फरार हो गये।
सीजीएसटी ने पकड़ी राजस्व चोरी, तम्बाकू व्यापारियों में हडक़ंप
