सैफई की शिक्षिका वसुधा यादव को मिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान, नवाचार से बच्चों की पढ़ाई बनी आसान

 सैफई, समृद्धि न्यूज।  शिक्षक दिवस पर क्षेत्र की एक शिक्षिका को उनके नवाचारी प्रयोगों और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान पत्र प्रदान किया गया। बच्चों की पढ़ाई को सरल और रोचक बनाने के लिए लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों की इस मौके पर सराहना हुई।
ब्लॉक क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय उझियानी में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत वसुधा यादव को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार,जिला विद्यालय निरीक्षक और इटावा की विधायक सरिता भदौरिया ने संयुक्त रूप से सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। विद्यालय में उनकी कक्षा हमेशा इस तरह सजाई-संवारी जाती है कि कोई भी अधिकारी निरीक्षण के दौरान उनके प्रयासों की तारीफ किए बिना नहीं रह पाता।
वसुधा यादव बच्चों को पढ़ाने में परंपरागत तरीकों के साथ-साथ टी.एल.एम., चार्ट, पोस्टर और खेल-खेल में गतिविधियों का उपयोग करती हैं। पढ़ाई को डिजिटल माध्यम से जोड़ने के लिए उन्होंने फेसबुक और यूट्यूब चैनल बनाए, जिन पर लाखों फॉलोअर्स हैं। यहां वे बच्चों को पढ़ाते समय बनाए गए शैक्षिक वीडियो अपलोड करती हैं। अवकाश के दिनों में भी बच्चे उन्हीं वीडियो के जरिये पढ़ाई करते रहते हैं।
समय-समय पर उन्हें कई मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।
वर्ष 2021 मैं सैफई विकासखंड के अंतर्गत अपने विद्यालय को प्रेरक विद्यालय बनाने हेतु प्रेरणा ज्ञान उत्सव शिक्षा चौपाल शैक्षिक उन्नयन कार्यक्रम में मिशन प्रेरणा प्रतीक चिन्ह एवं उत्कृष्ट शिक्षक प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया है।
इस बार शिक्षक दिवस पर जिला स्तर पर मिला यह सम्मान उनके निरंतर परिश्रम और नवाचार का परिणाम है।
सैफई उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उमाशंकर यादव की पत्नी वसुधा यादव विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में निवास करती हैं। शिक्षा के प्रति उनकी लगन और आधुनिक पद्धतियों के प्रयोग ने उन्हें न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में प्रेरणास्रोत बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *