समृद्धि न्यूज। बाराबांकी में युवती को सांप ने अब तक 41 बार डसा है, लेकिन हर बार इलाज के बाद उसकी जान बच जाती है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर सांप जहरीला हो तो मेडिकल दृष्टिकोण से ऐसी स्थिति दुर्लभ है, लेकिन अगर सांप जहरीला नहीं है, तो ये आम बात है।
बाराबंकी में जवाहरपुर गांव की रहने वाली एक युवती को 41 बार सांप काटने का परिजनों ने दावा किया है। परिजनों का कहना है हर बार इलाज के बाद उसकी जान बच जाती है। परिजनों का दावा है कि सांप सिर्फ इसी युवती को निशाना बनाता है, जबकि परिवार के बाकी सदस्यों को कभी नुकसान नहीं पहुंचाया। गांव के रहने वाले मुनव्वर अली की पुत्री रहमतुल बानो को गुरुवार शाम करीब पांच बजे सांप ने फिर से डस लिया। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां शुक्रवार शाम 6:35 बजे उसको भर्ती कराया गया। युवती को बेहोशी की हालत में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। पीडि़ता के भाई आजाद ने बताया कि मेरी बहन को इससे पहले भी अलग-अलग मौकों पर 40 बार सांप डस चुका है। इलाज कराने के लिए हम उसको लखनऊ के राममनोहर लोहिया अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर तक ले गए, लेकिन हर बार वह बच गई। यह किसी किताब या कहानी की तरह लग सकता है, लेकिन यह हमारी हकीकत है। देवा सीएचसी में तैनात डॉक्टरों का कहना है कि मेडिकल दृष्टिकोण से यह स्थिति बेहद दुर्लभ है। फिलहाल युवती का स्वास्थ्य स्थिर है, लेकिन परिजन इसे अलौकिक घटना मान रहे हैं। वहीं, गांव में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर सांप बार बार उसी युवती को क्यों निशाना बना रहा है।
बाराबंकी: युवती को 41 बार डस चुका सांप, हर बार बच गयी जान
