समृद्धि न्यूज। पाकिस्तान ने सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। जम्मू कश्मीर के लीपा घाटी के हंदवाड़ा कुपवाड़ा में पाकिस्तान की ओर से शनिवार को संघर्ष विराम उल्लंघन (सीएफवी) किया गया और गोलीबारी की गई। इसका भारत ने करारा जवाब दिया है। सूत्रों के अनुसार शनिवार शाम को नौगाम सेक्टर के लीपा घाटी में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलीबारी में अभी किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। इस बारे में हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया था और पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। पाकिस्तान ने उसके बाद भारत पर ड्रोन से हमले करने की कोशिश की थी, लेकिन भारत ने नाकाम कर दिया था और पाकिस्तान के वायु सेना अड्डों पर जवाबी कार्रवाई की थी। उसके बाद भारत और पाकिस्तान आपस में सीजफायर पर सहमति जताई थी।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन की हलचल
अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास शनिवार को पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि देखी गई है। आरएसपुरा सेक्टर के जजोवाल गांव के पास भारतीय क्षेत्र में ड्रोन घुसने की सूचना मिलने पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान तुरंत हरकत में आए और इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन को शाम करीब सात बजे भारतीय सीमा में उड़ते हुए देखा गया। इसके बाद बॉर्डर आउटपोस्ट चकरोई और जुगनूचक के अधीन आने वाले इलाकों में बीएसएफ की टीमें सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। इसी बीच, सुरक्षा कारणों से जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में जिला प्रशासन ने ड्रोन, यूएवी और अन्य हवाई उपकरणों की उड़ान पर प्रतिबंध लगा दिया है।
वहीं दूसरी ओर, उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने शनिवार को उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा स्थिति और घुसपैठ रोधी ग्रिड की समीक्षा की।
उत्तरी कमान ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, आर्मीकमांडर एनसी ने उत्तरी कश्मीर में सुरक्षा स्थिति और घुसपैठ रोधी ग्रिड की समीक्षा की।
अपने दौरे के दौरान, उन्होंने एक युद्ध-सक्षम प्रदर्शन देखा और समकालीन खतरों का मुकाबला करने के लिए विशिष्ट तकनीकों को अपनाने और नवाचार के लिए सभी रैंकों की सराहना की।

