कायमगंज, समृद्धि न्यूज। फर्जी प्रमाण के सहारे नौकरी करने के मामले में नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात टेक्नीशियन रमेश सिंह भी जांच के घेरे में आ गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 अमनीन्द्र ने उनके अभिलेखों की जांच की पुष्टि की है।
स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एक्सरे टेक्नीशियन रमेश सिंह की नियुक्ति 2008 में हुई थी। तब से लेकर अब तक वे यहीं कार्यरत हैं और वर्तमान में भी रेगुलर कार्य कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने 25 एक्सरे किए। हालांकि, उनकी नियुक्ति से संबंधित फर्जी प्रकरण की चर्चा एक सप्ताह पहले शुरू हुई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ0 शोभित शाक्य ने बताया कि रमेश सिंह का वेतन अगस्त से रोक दिया गया है। फिलहाल वे कार्य कर रहे हैं, लेकिन आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ही होगी। उन्होंने कहा कि मामला उनके स्तर का नहीं है, इसलिए पूरी जानकारी अधिकारियों को भेजी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अवनेंद्र सिंह ने बताया कि रमेश सिंह के अभिलेखों की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नियुक्ति फर्जी है या सही। सीएमओ ने कहा कि जांच पूरी होने तक कोई ठोस निर्णय लेना संभव नहीं है। प्रदेश में एक्सरे टेक्नीशियन की फर्जी नियुक्तियों के मामले ने स्वास्थ्य विभाग को हिला दिया है। ऐसे में अब रमेश सिंह की तैनाती भी सवालों के घेरे में है। फिलहाल विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
फर्जी प्रकरण: सीएचसी में तैनात एक्सरे टेक्नीशियन रमेश सिंह भी जांच के घेरे में
