पत्नी की हत्या में सजा काट रहे कैदी की लोहिया अस्पताल में मौत

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पत्नी की हत्या में केंद्रीय कारागार में सजा काट रहे कैदी की लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। सूचना मिलने पर मजिस्ट्रेट पहुंचे। उनकी मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार विकास खंड बढ़पुर के चाँदपुर निवासी जबर सिंह (६०) ने अपनी पत्नी मालती की करीब ३ वर्ष पूर्व हत्या कर दी थी। जिसमें उसको सजा हो गयी थी। वह केंद्रीय कारागार में सजा काट रहा था। बुधवार को उसकी तबियत खराब हो गयी। जिस पर उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। डॉक्टरों ने कैदी के शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बुधवार को जबर सिंह के रिश्तेदार लोहिया अस्पताल पहुंचे। जहां रिश्तेदारों ने बताया कि जबर सिंह की एक बेटी सोनम कटियार है। जिसकी शादी हो चुकी है। जिसको सूचना दे दी गयी है। देर शाम तक वह पहुंच गयी थी। पुलिस की सूचना पर मजिस्ट्रेट भी लोहिया अस्पताल पहुंचे। जिनकी मौजूदगी में कैदी के शव का पंचनामा भरा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *