विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते मत्स्य निरीक्षक को रंगेहाथ किया गिरफ्तार

मछुआरा समिति पंजीकरण में राहत के नाम पर मांग रहा था 1 लाख, पहली किस्त की 20 हजार लेते ही धरा गया
समृद्धि न्यूज शाहजहांपुर। शहर में बुधवार को विजिलेंस विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मत्स्य विभाग के निरीक्षक संजीव कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई एसपी ऑफिस के ठीक पास स्थित एक होटल के बाहर की गई, जहां आरोपी निरीक्षक पीड़ित से पहली किस्त लेने पहुँचा था। कार्रवाई इतनी तेज और गोपनीय तरीके से हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पूरा घटनाक्रम सुर्खियों में आ गया।

पंजीकरण के नाम पर 1 लाख की अवैध मांग, 80 हजार पर बनी बात

रोशनपुर ददरौल निवासी मुकेश कश्यप ने अपनी मछुआरा समिति का पंजीकरण कराने के लिए मत्स्य विभाग से संपर्क किया था। इसी दौरान निरीक्षक संजीव कुमार ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के नाम पर 1 लाख रुपये की रिश्वत मांग डाली।
मुकेश कश्यप ने कई बार राहत देने की गुजारिश की, लेकिन निरीक्षक अपने रुख पर अड़ा रहा। आरोप है कि काफी बातचीत के बाद 80 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बावजूद आरोपी निरीक्षक किस्तों में रकम देने की बात पर भी जोर देता रहा। पीड़ित मुकेश कश्यप निषाद पार्टी से जुड़े हुए हैं। बड़ी रकम देकर पंजीकरण कराने का दबाव बढ़ने पर उन्होंने सीधे विजिलेंस ऑफिस में शिकायत दर्ज करा दी।

होटल के बाहर बिछा था जाल, जेब में नोट डालते ही पकड़े गए

शिकायत की पुष्टि के बाद बरेली विजिलेंस टीम ने शाहजहांपुर में ट्रैप बिछाया। बुधवार दोपहर टीम ने एसपी ऑफिस के पास एक होटल के बाहर घेराबंदी की। तय समय पर मुकेश कश्यप और निरीक्षक की मुलाकात हुई। जैसे ही मुकेश ने 20 हजार रुपये की पहली किस्त आरोपी को सौंपी, संजीव कुमार ने नोटों को हाथ में लेने के बजाय सीधे अपनी पैंट की जेब में रखने का इशारा किया। नोट जेब में डालते ही विजिलेंस टीम ने चारों ओर से उसे घेर लिया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के बाद संजीव कुमार के चेहरे का रंग उड़ गया। टीम तुरंत उसे साथ लेकर निकल पड़ी।

तिलहर थाने में पूरी हुई औपचारिकताएँ, आगे की कार्रवाई बरेली में

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी निरीक्षक को लेकर बरेली की ओर रवाना हुई। रास्ते में तिलहर कोतवाली में आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई की गई। माना जा रहा है कि टीम उसके मोबाइल फोन, पर्स और कपड़ों की भी जांच करेगी। जरूरी पंचनामा तैयार करने के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए बरेली विजिलेंस यूनिट ले जाया गया। घटना के बाद मत्स्य विभाग और विकास भवन परिसर में हड़कंप जैसी स्थिति रही। कर्मचारियों और अधिकारियों में चर्चाओं का दौर देर शाम तक चलता रहा।

भ्रष्टाचार पर बड़ी चोट, विभाग में खलबली

मत्स्य विभाग में लंबे समय से पंजीकरण व निरीक्षण संबंधी प्रक्रियाओं में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। इस गिरफ्तारी ने पूरे विभाग में खलबली मचा दी है। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में और भी मामलों की जांच तेज हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *